सुरक्षा और प्रदूषण मानक दरकिनार… अफसरों की मेहरबानी से गलत अनुमतियों के आधार पर तैयार हो रही श्री राधे एन्क्लेव टाउनशिप नियमानुसार किसी भी चालू फैक्ट्री या भारी उद्योग की परिधि से 500 मीटर की दूरी तक कोई आवासीय टाउनशिप नहीं बसाई जा सकती। लेकिन ग्वालियर-चंबल संभाग के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में इस नियम की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। यहां एवीएन ट्यूब फैक्ट्री की जमीन पर कॉलोनी विकसित की जा रही है, जिससे बिल्कुल सटी हुई और नजदीकी जमीनों पर बड़े व भारी उद्योग संचालित हो रहे हैं। अफसरों ने कॉलोनाइजर से मिलीभगत कर श्री राधे एन्क्लेव को सुरक्षा एवं प्रदूषण नियंत्रण मानकों को दरकिनार कर कॉलोनी बसाने की अनुमति दे दी है। इतना ही नहीं, उद्योगों के भविष्य के विस्तार को ध्यान में रखकर बनाए गए 500 मीटर के अनिवार्य बफर जोन के नियम को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है। बिना भौतिक सत्यापन कॉलोनी की गलत अनुमति श्री राधे डेवलपर्स के भागीदार मनीष गोयल व पंकज गोयल (खुशबू प्लास्टिक, बानमोर), राजीव गुप्ता, उमेश उपाध्याय, आदित्य सिकरवार, दीपेंद्र यादव और विश्व प्रताप ने करीब 40 हजार वर्गमीटर (20 बीघा) जमीन पर टाउनशिप के लिए नियम विरुद्ध तरीके से अनुमति हासिल की है। भिंड जिला प्रशासन और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीएंडसीपी) से यह स्वीकृति ली गई है। भारी उद्योगों से सटी जमीन होने के बाद भी संबंधित विभागों ने बिना भौतिक सत्यापन और दूरी के मानकों की जांच किए इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी दे दी। मालनपुर के सर्वे नंबर 258 की इस जमीन पर रिहायशी बस्ती बसाने से आसपास चल रहे भारी उद्योगों से टाउनशिप में रहने वाले परिवारों के बड़ी स्वास्थ्य मुसीबतें भी पैदा होंगी। सवाल टाल रहे अफसर एमपीआईडीसी ने यह अनुमति दी होगी, प्रदूषण नियंत्रण नियम में भी वही कुछ कार्रवाई करेंगे। हमारी जानकारी में मामला नहीं है। – सलमान खान, सहायक यंत्री/ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड
नोट: इस मामले में डेवलपर्स मनीष गोयल का पक्ष जानने के लिए कई बार संपर्क किया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। उद्योगों से 500 मीटर तक नहीं बसाई जा सकती टाउनशिप, बोर्ड करता है कार्रवाई उद्योगों से 500 मीटर के एरिया में कोई भी टाउनशिप नहीं बसाई जा सकती। इसके लिए स्पष्ट नियम है और इसका पालन प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम को कराना होता है साथ ही टाउनशिप डेवलपर्स को इसके लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय में परमिशन के लिए आवेदन करना होता है। इसके अलावा जो विभाग टाउनशिप के लिए परमिशन देते हैं, उन्हें भी परमिशन देने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एनओसी लेनी होती है। क्योंकि, जनमानस की स्वास्थ्य व अन्य सुरक्षा के लिए शासन ने 500 मीटर तक टाउनशिप/रिहायश पर रोक लगा रखी है।
