भोपाल सहित प्रदेश में स्थित नायरा पेट्रोल पंपों ने पेट्रोल के दाम 2 रुपए और डीजल के 3 रुपए प्रति लीटर कम कर दिए हैं। अब इन पेट्रोल पंपों पर भी सरकारी तेल कंपनियों (PSU) के पेट्रोल पंप के समान दाम पर पेट्रोल व डीजल मिलेगा। दरअसल, नायरा पेट्रोल पंपों पर अब तक सरकारी तेल कंपनियों की तुलना में 2 और 3 रुपए महंगा पेट्रोल और डीजल बिक रहा था। नायरा मध्यप्रदेश पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राम सिंह ने बताया कि अब नायरा के सभी पेट्रोल पंपों पर संबंधित क्षेत्र के निकटतम सरकारी (PSU) पेट्रोल पंप के बराबर ही पेट्रोल और डीजल के दाम तय किए जाएंगे। अलग-अलग शहरों और क्षेत्रों में परिवहन (ट्रांसपोर्टेशन) लागत के कारण रेट में अंतर हो सकता है, इसलिए प्रत्येक पंप का मूल्य उसके निकटतम सरकारी पंप के अनुरूप रहेगा। अंतर समाप्त कर दिया गया उन्होंने बताया कि पहले नायरा के पंपों पर पेट्रोल लगभग ₹2 प्रति लीटर और डीजल करीब ₹3 प्रति लीटर तक महंगा बिक रहा था। अब यह अंतर पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। भोपाल शहर के एक नायरा पेट्रोल पंप पर बुधवार को पेट्रोल का रेट 114.62 रुपये प्रति लीटर और डीजल 99.42 रुपए प्रति लीटर रहा, जो संबंधित सरकारी पेट्रोल पंप के बराबर है। कीमतों में अतिरिक्त कटौती नहीं की एसोसिएशन ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि नायरा ने पेट्रोल-डीजल के दाम कम कर दिए हैं। जबकि वास्तविकता यह है कि कीमतों में कोई अतिरिक्त कटौती नहीं की गई है, बल्कि पहले जो अंतर था, उसे समाप्त कर सरकारी कंपनियों के बराबर कर दिया गया है। इससे उपभोक्ताओं को अब निजी और सरकारी पंपों के बीच कीमत का अंतर नहीं झेलना पड़ेगा। ये भी पढ़ें…
