बड़वानी| मप्र राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त होने के विरोध में गुरुवार को राजीव गांधी पंचायती राज संगठन व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार हितेंद्र भावसार को ज्ञापन सौंपा। संगठन के जिलाध्यक्ष सुनील यादव के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच व उचित कार्रवाई की मांग की। यादव ने बताया नामांकन निरस्तीकरण की घटना चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता व पारदर्शिता पर सवाल खड़े करती है। जन प्रतिनिधित्व अधिनियम और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए मांग की गई कि रिटर्निंग अधिकारी की कार्रवाई व उसके आधारों की विस्तृत समीक्षा कराई जाए। यदि प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि या नियमों का उल्लंघन पाया जाए तो संबंधित प्राधिकारी को जरूरी अनुशंसा भेजी जाए। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी जरूरी निर्देश जारी करने की मांग की। ज्ञापन की प्रति राष्ट्रपति को भी प्रेषित की है। इस दौरान विधायक राजन मंडलोई सहित कई जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
