Homeमध्यप्रदेश'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' बाइक रैली में संदेश:मध्य प्रदेश पुलिस...

‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ बाइक रैली में संदेश:मध्य प्रदेश पुलिस का जन-जागरूकता अभियान, शहर में गूंजा ‘से नो टू ड्रग्स, यस टू लाइफ’

मध्य प्रदेश पुलिस के राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” के तहत रविवार को इंदौर में नारकोटिक्स विंग द्वारा विशाल बाइक रैली का आयोजन किया गया। 150 से अधिक बाइक राइडर्स की सहभागिता वाली इस रैली ने पूरे शहर में नशामुक्ति का संदेश देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। रैली का शुभारंभ पलासिया स्थित नारकोटिक्स विंग कार्यालय से हुआ। इस अवसर पर डीआईजी श्रीकुमार परितकर, डीएसपी संतोष हाड़ा, एएसपी एस्टेला सुलिया और एसआई अजय कुमार शर्मा के नेतृत्व में सभी प्रतिभागियों ने “नशामुक्त इंदौर, नशामुक्त मध्य प्रदेश और नशामुक्त भारत” का संकल्प लिया। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने की शपथ भी ली। इस अभियान में इंदौर की प्रमुख राइडिंग कम्युनिटियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली में रिबॉर्न बाइकर्स, रॉयल एनफील्ड ट्राइब कम्युनिटी, मस्केटियर्स राइडर्स, महू राइडर्स क्लब एसोसिएशन, इंदौर राइडर्स क्लब और इंडी बाइकर्स क्लब सहित विभिन्न संगठनों के सदस्य शामिल हुए। रैली पलासिया से शुरू होकर शिवाजी वाटिका, एमवाय अस्पताल, आरएनटी मार्ग, रीगल चौराहा, राजवाड़ा, टीआई मॉल और आदर्श रोड होते हुए पुनः नारकोटिक्स विंग कार्यालय पहुंची। पूरे मार्ग में राइडर्स ने “Say No To Drugs – Yes To Life” और “नशे से दूरी है जरूरी” जैसे संदेशों के जरिए हजारों नागरिकों को जागरूक किया। कई स्थानों पर लोगों ने रैली का स्वागत कर अभियान का समर्थन भी किया। सभी राइडिंग कम्युनिटियां एक मंच पर आईं आयोजन की खास बात यह रही कि इंदौर की लगभग सभी प्रमुख राइडिंग कम्युनिटियां सामाजिक सरोकार के इस अभियान में एक मंच पर नजर आईं। इससे यह संदेश भी गया कि समाजहित के मुद्दों पर शहर की युवा शक्ति पूरी तरह एकजुट है। समापन समारोह में प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट ऑफ पार्टिसिपेशन प्रदान किए गए। साथ ही पुश-अप्स प्रतियोगिता आयोजित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राइडर्स को सम्मानित किया गया। रॉयल एनफील्ड ट्राइब कम्युनिटी की ओर से प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न और आकर्षक गुडीज़ भी वितरित किए गए। एसआई अजय कुमार शर्मा ने कहा कि बाइकिंग केवल शौक नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। आयोजन के अंत में सभी अधिकारियों और राइडिंग क्लबों ने भविष्य में भी मध्य प्रदेश पुलिस के जनहित और सामाजिक अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दोहराया। आयोजकों ने कहा कि इंदौर से शुरू हुई यह मुहिम नशामुक्त मध्य प्रदेश और नशामुक्त भारत के जनआंदोलन को और मजबूत करेगी।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here