मंदसौर जिले के शामगढ़ में शनिवार को एक कार चालक ने नशे की हालत में जमकर हंगामा मचाया। नशे में धुत ड्राइवर ने आडा बाजार और मेन रोड पर एक के बाद एक करीब 10 से 12 गाड़ियों को टक्कर मार दी, जिससे कई वाहन टूट-फूट गए। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने तुरंत कार को घेरकर रुकवाया और ड्राइवर को बाहर निकाला। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी और ड्राइवर को उनके हवाले कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि ड्राइवर शराब के नशे में इतना चूर था कि उसे गाड़ी पर काबू ही नहीं रहा। पुलिस ने दर्ज किया केस पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान विष्णु सांखला के रूप में हुई है। थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्र ने बताया कि विष्णु के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसकी कार को भी जब्त कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर काफी पोस्ट हो रहा है। वीडियो में लोग ड्राइवर को पकड़ते और पुलिस को सौंपते दिख रहे हैं। प्रशासन ने कहा है कि शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर सख्ती बरती जाएगी।
