Homeछत्तीसगढ़नशे के खिलाफ ब्लॉग बनाने वाला गांजे के साथ पकड़ाया:वीडियो में दुर्ग...

नशे के खिलाफ ब्लॉग बनाने वाला गांजे के साथ पकड़ाया:वीडियो में दुर्ग पुलिस से कहा था- थोड़ा ध्यान दीजिए; मां बोली- कार्रवाई गलत

छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ ब्लॉग बनाने वाले एक युवक 4 किलो गांजे के साथ पकड़ा गया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 लाख रुपए है। हरिशंकर यादव उर्फ जुगनू (24) भिलाई का रहने वाला है, वह इंस्टाग्राम पर नशे के खिलाफ वीडियो बनाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग करता था। 29 जून को दुर्ग पुलिस को सूचना मिली कि वह गांजा बेचने की फिराक में बिहारी मोहल्ला पहुंचा है। जहां उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का है। इधर आरोपी की मां ने गिरफ्तारी को गलत बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटे के पास कोई गांजा नहीं मिला है, इसलिए उसे कोर्ट में पेश नहीं किया गया बल्कि 3 दिनों से थाने में रखा गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी अपराधी प्रवृत्ति का है। उस पर हत्या के प्रयास जैसे कई मामले दर्ज हैं। देखिए पहले ये तस्वीरें… पुलिस और प्रशासन से करता था कार्रवाई की मांग हरिशंकर यादव इंस्टाग्राम पर ‘जूगनू ब्लॉगर’ पेज पर एक्टिव है। उसके करीब 573 फॉलोअर्स हैं। उसने अपने सभी पोस्ट में नशे के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। वह अपने वीडियो में स्कूलों, गार्डन, खेल मैदानों और खाली पड़े खंडहरों में पड़े इस्तेमाल किए हुए इंजेक्शन, नशीली दवाओं की खाली शीशियां और अन्य सामान दिखाता था। इन वीडियो के जरिए वह जिला प्रशासन और पुलिस से नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग करता था। एक वीडियो में उसने खुर्सीपार थाना प्रभारी से कहा था, ‘आप यहां ध्यान दीजिए और कार्रवाई कीजिए।’ 1 महीने पहले वायरल हुआ था वीडियो करीब एक महीने पहले यानी 1 जून को जुगनू यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वह खुर्सीपार के अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर नशे से जुड़े सामान दिखाते हुए उन्हें साफ करता नजर आया था। उसने दावा किया था कि इलाके में खुलेआम नशे का कारोबार चल रहा है। वीडियो में उसने स्कूल परिसर और उसके आसपास से मिले इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन, सिरिंज और दवाइयों को दिखाते हुए प्रशासन से स्कूलों और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी रखने की मांग की थी। इसके अलावा केनाल रोड स्थित गार्डन क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में पड़े इंजेक्शन और दवाइयों को दिखाते हुए उसने पुलिस से सख्त कार्रवाई की अपील की थी। 4 किलो से ज्यादा गांजे के साथ गिरफ्तार खुर्सीपार टीआई आनंद शुक्ला के मुताबिक, वायरल वीडियो के लगभग एक महीने बाद 29 जून को खुर्सीपार पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर रोड स्थित बिहारी मोहल्ला के सामने घेराबंदी की और हरिशंकर यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि वह गांजा बेचने की फिराक में था और पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4 किलो 198 ग्राम गांजा, 300 रुपए कैश और एक एक्टिवा जब्त की गई। पुलिस ने जब्त गांजे की कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई है। कुल जब्त सामान की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 300 रुपए आंकी गई है। टीआई ने बताया कि आरोपी अपराधी प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई मामले दर्ज है। आरोपी की मां ने कार्रवाई को बताया गलत वहीं, इस मामले में हरिशंकर यादव की मां गोमती ने कहा कि पुलिस उसे सोमवार को पकड़कर ले गई। बेटा अभी खुर्सीपार थाने में है। 3 दिन से उसे थाने में रखा गया है। कोर्ट में भी पेश नहीं किया गया। यदि गांजे के साथ पकड़े है तो गांजा दिखाना चाहिए। तभी उसकी गलती मानी जाएगी। बेटे ने गलती नहीं की है। झूठा केस बनाया जा रहा है। स्कूल में बच्चे पढ़ाई करते हैं, वहां इंजेक्शन मिला था, बेटे ने इसी का वीडियो बनाया था। एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) और 27ए के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, हरिशंकर यादव अवैध रूप से गांजा बेचकर पैसे कमा रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया। इसके बाद अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। ………………….. इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… यूट्यूबर स्टार आकाश जाधव गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड: सांप रेस्क्यू के वीडियो बनाता था, इसके 5.68 मिलियन फॉलोअर्स, महासमुंद में 7.86 करोड़ का गांजा पकड़ाया छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने 7 से 29 जनवरी तक 8 अलग-अलग मामलों में 7.86 करोड़ का गांजा और नशीली सिरप जब्त की है। पुलिस ने यूट्यूबर सहित 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा और महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here