हरदा जिले की सिराली पुलिस ने 7 ग्राम MD ड्रग्स (मेफेड्रोन) के साथ नारायण बांके (42) को गिरफ्तार किया है। आरोपी भाजपा पार्षद रेखा बांके का पति बताया जा रहा है। पुलिस ने बीड़-रोलगांव रोड पर नहर के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ा। वह काले रंग की पल्सर बाइक से ड्रग्स लेकर जा रहा था। पुलिस ने एक लाख रुपए कीमत की ड्रग्स, बाइक और मोबाइल सहित कुल 2.25 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है। रविवार को कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को 20 नवंबर तक न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मुखबिर की सूचना पर नहर के पास घेराबंदी सिराली थाना प्रभारी सीताराम पटेल ने बताया कि 7 नवंबर को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पल्सर बाइक से हरदा की ओर से बीड़ रोड होते हुए रोलगांव के रास्ते बंदीमुहाड़िया जा रहा है। उसके पास MD ड्रग्स है। पुलिस टीम ने बीड़-रोलगांव रोड पर नहर के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद बताए गए हुलिए का बाइक सवार पहुंचा। तलाशी लेने पर उसकी पेंट की पिछली जेब में रखी दो पारदर्शी पन्नियों से 7 ग्राम MD ड्रग्स मिला। NDPS एक्ट में केस दर्ज आरोपी की पहचान नारायण पिता रामकृष्ण बांके, निवासी ग्राम बंदीमुहाड़िया, थाना सिराली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 364/26 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8/22 में केस दर्ज किया है। जब्त सामग्री में 7 ग्राम MD ड्रग्स (कीमत करीब एक लाख रुपए), पल्सर बाइक (एक लाख रुपए) और वनप्लस मोबाइल (25 हजार रुपए) शामिल हैं। कार्रवाई में सिराली थाना पुलिस, पुलिस लाइन और साइबर सेल की टीम शामिल रही।
