मंडला में मध्य प्रदेश पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत एक विद्यालय में जागरूकता के लिए अनूठे चुनाव का आयोजन किया गया। यह चुनाव अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में हुआ, जिसमें नशे के विभिन्न रूपों जैसे ड्रग्स, सिगरेट और तंबाकू को प्रतीकात्मक रूप से चुनावी प्रत्याशी बनाया गया। ‘नोटा’ के स्थान पर ‘खुशहाल जीवन’ का विकल्प रखा गया, जो नशामुक्त और स्वस्थ जीवन का प्रतीक था। विद्यालय के विद्यार्थियों ने इस मतदान प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने ‘खुशहाल जीवन’ के पक्ष में शत-प्रतिशत मत देकर नशे के प्रति अपनी स्पष्ट असहमति जताई। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। पुलिस विभाग ने बताया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना है। इसका लक्ष्य स्वस्थ, सुरक्षित और जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए उन्हें प्रेरित करना है। इस दौरान संस्था प्राचार्या कल्पना नामदेव, ट्रैफिक सूबेदार योगेश सिंह राजपूत और विद्यालय के स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
