नरसिंहपुर जिले में मंगलवार शाम को गोटेगांव तहसील के खैरी गांव में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से जमा करके रखी गई लगभग 7000 घनमीटर रेत जब्त की गई। खनिज विभाग ने इसकी जानकारी मंगलवार रात 10 बजे दी। जानकारी के अनुसार, इस जब्त रेत की सरकारी कीमत करीब 9 लाख रुपए है, जबकि बाजार और ठेका दरों के मुताबिक इसकी कीमत लगभग 60 लाख रुपए आंकी जा रही है। टीम ने ग्राम सांकल में भी कार्रवाई की। वहां अवैध रूप से रेत ले जाते हुए एक बिना नंबर का ट्रैक्टर पकड़ा गया। टीम ने इस वाहन को तुरंत जब्त कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए ठेमी थाने की कस्टडी में खड़ा करवा दिया है। प्रशासन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि जिले में अवैध खनन, रेत के भंडारण और परिवहन के खिलाफ यह मुहिम आगे भी इसी तरह जारी रहेगी। नियमों को ताक पर रखकर काम करने वाले माफियाओं के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
