रीवा शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबा घाट में गुरुवार को नदी के भीतर एक युवक का शव उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। घाट के आसपास मौजूद लोगों ने नदी में शव को उतराते देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार, मृतक युवक की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। युवक कौन है और नदी तक कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों की जानकारी भी खंगाली जा रही है, ताकि मृतक की पहचान कराई जा सके। घटना की जानकारी मिलते ही बाबा घाट पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव की स्थिति से जुड़े जरूरी साक्ष्य जुटाए। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजा
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक की मौत नदी में डूबने से हुई है या शव किसी दूसरे स्थान से बहकर बाबा घाट तक पहुंचा। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निशा मिश्रा ने बताया कि बाबा घाट में नदी के भीतर युवक का शव मिला है। अभी मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस शव की शिनाख्त कराने के साथ ही पूरे मामले की जांच कर रही है।
