खरगोन जिले के बमनाला में गुरुवार शाम घर के आंगन में खेल रही एक बच्ची पर कुत्ते ने हमला कर दिया। उसके चेहरे और नाक को नोच दिया, जिससे नाक लटक गई। मुंह और चेहरे पर गहरे घाव हो गए। परिजन ने बताया कि माहिरा को कुत्ते के मुंह से बड़ी मुश्किल से बचाया गया। जानकारी के मुताबिक, गोकुल नाथ की तीन वर्षीय बेटी माहिरा आंगन में खेल रही थी। परिजन घर के अंदर थे। बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर परिजन बाहर आए। वे उसे स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक इलाज के बाद बच्ची को जिला अस्पताल लाया गया। नाक पर 4 टांके लगाए, PICU में भर्ती डॉक्टरों ने बच्ची की नाक पर 4 टांके लगाए और उसे PICU में भर्ती किया। उसे रेबीज और एंटीबायोटिक दवाएं दी हैं। डॉक्टरों के अनुसार, चेहरे और नाक पर चोट होने के कारण उसे प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। डॉ. शशिकांत पाटीदार ने बताया कि नाक के आसपास की चमड़ी का एक हिस्सा लटक गया था, जिस पर टांके लगाए गए हैं। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर है और वह निगरानी में है। प्लास्टिक सर्जरी के लिए इंदौर भेजा जाएगा नाक के अंदरूनी हिस्से में आगे प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत होगी, जिसके लिए उसे इंदौर रेफर किया जाएगा। माहिरा के परिजन मजदूरी करते हैं। ऐसे में उन्होंने बच्ची को इंदौर ले जाने में असमर्थता जताई है।
