धामनोद थाना क्षेत्र के पलाशमाल में सोमवार, 27 जुलाई को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। चोरों ने सुने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। मकान मालिक गए महेश्वर, पीछे से चोरों ने तोड़े ताले फरियादी मोतीसिंह ओसारी ने बताया कि वे सुबह 11 बजे घर में ताला लगाकर महेश्वर गए थे और परिवार के सदस्य खेत पर थे। शाम 4 बजे भतीजे ने फोन कर ताला टूटने की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुँचकर देखा तो मुख्य द्वार और अलमारियों के ताले टूटे मिले। 1.5 लाख के जेवर और 13 हजार नकद ले उड़े चोर पीड़ित के अनुसार चोर घर से 12 ग्राम सोने के जेवर, 1.25 किलो चांदी के आभूषण और 13 हजार रुपये नकद चुरा ले गए। चोरी गए कुल सामान की कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है। ग्राम ढाल में भी दिनदहाड़े हुई थी 2.90 लाख की चोरी धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम ढाल में भी बीते 27 जून को तोताराम मकवाना के बंद मकान से इसी अंदाज में चोरी हुई थी। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर 2 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 90 हजार रुपये नकद पार कर दिए थे। अज्ञात चोरों पर केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस धामनोद पुलिस ने दोनों ही मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हाईवे किनारे स्थित गांवों में लगातार हो रही दिनदहाड़े चोरी की घटनाओं ने पुलिस की गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
