धार जिले के धरमपुरी में ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर पंजतन कमेटी द्वारा सामूहिक निकाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ 5 जोड़ों का निकाह कराया गया। अब तक 115 जोड़ों का कराया निकाह पंजतन कमेटी के अमन खान ने बताया कि कमेटी पिछले 10-12 वर्षों से इस सामाजिक कार्य में जुटी है। इससे पूर्व कमेटी 110 जोड़ों का निकाह करा चुकी थी, और इस आयोजन के बाद यह संख्या बढ़कर 115 हो गई है। फिजूलखर्ची और कर्ज से बचाने की पहल आयोजन का मुख्य उद्देश्य शादियों में होने वाली अनावश्यक फिजूलखर्ची को रोकना है, ताकि मध्यमवर्गीय परिवारों को आर्थिक दबाव और कर्ज के बोझ से बचाया जा सके। कमेटी उठाती है पूरा खर्च सम्मेलन का संपूर्ण खर्च पंजतन कमेटी और समाजजनों के सहयोग से वहन किया जाता है। नवविवाहित जोड़ों को अपनी नई गृहस्थी बसाने के लिए कमेटी की ओर से भोजन के साथ-साथ आवश्यक दैनिक सामग्री और उपहार भी भेंट किए जाते हैं। क्षेत्र में कमेटी की इस अनूठी पहल की सराहना की जा रही है।
