भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 17 और 18 सितंबर को दो दिवसीय प्रवास पर उज्जैन और इंदौर आएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला उज्जैन दौरा है। इसे लेकर दोनों शहरों के भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह है। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे इंदौर में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शाम को उज्जैन पहुंचेंगे। आधिकारिक कार्यक्रम के मुताबिक, नितिन नवीन 17 सितंबर को दोपहर 1:45 बजे विशेष विमान से इंदौर के देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां स्थानीय नेता और प्रशासनिक अधिकारी उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे दोपहर 2:45 बजे गांधी नगर ग्राउंड पहुंचेंगे। शाम 5:05 बजे उज्जैन पहुंचेंगे इंदौर के कार्यक्रम पूरे करने के बाद नितिन नवीन हेलीकॉप्टर से उज्जैन रवाना होंगे। वे शाम 5:05 बजे उज्जैन पुलिस लाइंस स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे महाकाल मंदिर के पास स्थित होटल एमपीटी सम्राट विक्रमादित्य द हेरिटेज जाएंगे, जहां कुछ देर विश्राम करेंगे। रामघाट पर शिप्रा आरती और भजन संध्या में होंगे शामिल प्रवास के पहले दिन शाम करीब 6:40 बजे नितिन नवीन रामघाट पहुंचेंगे। यहां वे मां शिप्रा की आरती और दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद रात 8 से 9 बजे तक रामघाट पर आयोजित भजन संध्या में हिस्सा लेंगे। रात्रि विश्राम होटल सम्राट विक्रमादित्य में करेंगे। 18 सितंबर को भस्म आरती में होंगे शामिल प्रवास के दूसरे दिन 18 सितंबर को नितिन नवीन अलसुबह 4 बजे विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेंगे। यहां वे भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेंगे। दर्शन-पूजन के बाद वे होटल लौटेंगे। सुबह करीब 9:30 बजे उज्जैन हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा इंदौर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। उनके दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
