Homeमध्यप्रदेशऐसा क्यों...जब मर्द चाहे हंसो, वो चाहे तो रोओ:शादी के 4 महीने...

ऐसा क्यों…जब मर्द चाहे हंसो, वो चाहे तो रोओ:शादी के 4 महीने बाद सुसाइड, डायरी के चार पन्नों में पति की बेरुखी को बयां किया

जब मर्द चाहे तो उसके सामने हंसो और मर्द चाहे तो रोएं। ऐसा क्यों…’
ये शब्द हैं, ग्वालियर के चावड़ी बाजार में रहने वाली रजनी कुशवाह के, जिसने सोमवार रात घर में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। रजनी की चार महीने पहले ही शादी हुई थी। मौत के पहले उसने डायरी के चार पन्नों में अपनी पीड़ा बयां की थी, जिसे उसके भाई ने पुलिस को सौंपा है। इसमें रजनी ने पति की बेरुखी, सास के तानों, दहेज और ससुराल में कथित मानसिक प्रताड़ना का सिलसिलेवार जिक्र किया है। पुलिस डायरी में लिखी बातों और हैंडराइटिंग की जांच कर रही है। सबसे पहले पढ़िए रजनी का दर्द… गौहरगंज (रायसेन) कर रहने वाली रजनी पिता लल्लू प्रसाद कुशवाह ने लिखा… मैं तीसरी बार मायके से ससुराल ग्वालियर आई। दो-तीन दिन तक रिंकू ने मेरे साथ अच्छे से व्यवहार किया। सासू मां ने भी शुरुआत में अच्छे से बात की, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने बातों में ताने मारना शुरू कर दिया। पहली बात तो यह है कि मैं उस घर में नई हूं। मुझे समझ ही नहीं आ रहा था कि क्या काम करूं और क्या काम न करूं। मैं कोई भी काम करती, सासू मां कह देतीं कि यह ऐसा क्यों किया, वैसा क्यों किया। जब मैं अपने मायके में थी तो काम खुले दिल से करती थी, लेकिन यहां ससुराल में झाड़ू भी उठाना पड़ता है तो डर-डरकर कि न जाने सासू मां क्या कह देंगी। और रिंकू जी… छोड़ो, उनको तो मैं मरूं या जिऊं, वैसे भी कोई फर्क ही नहीं पड़ता। ऐसा क्यों? जब मर्द चाहे कि उसके सामने औरत हंसे तो वह हंसे और मर्द चाहे कि वह रोए तो औरत रोए। क्या शादी के बाद औरत की भावनाओं की चाबी मर्द के हाथ में आ जाती है? नहीं, मैं ऐसा नहीं होने दूंगी। अब जब सासू मां ने कहा कि मैंने किचन में पीने का पानी नहीं भरा, उसके बाद भी वह मुझे ही सुनाने लगीं। मैंने अच्छा सोचकर रिंकू जी के कपड़े धो दिए, उसमें भी सासू मां मुझे ही सुनाती रहीं कि काम तो सुनो। काम करूं तो भी मैं ही सुन रही हूं और काम न करूं तो भी मैं ही सुन रही हूं। शादी के बाद जैसे एक पति को अपनी पत्नी के लिए खड़ा होना चाहिए, लेकिन रिंकू जी को कोई मतलब ही नहीं है। मम्मी (सासू मां) ने मुझे इतना सुनाया कि मैं दिनभर रोती रही। मेरी आंखें सूज गईं, लेकिन रिंकू जी ने एक बार भी नहीं पूछा कि क्या हुआ। उल्टा, रात में मैंने घूमने जाने के लिए कहा तो वह खुद 8:15 बजे घर आए। मैं खाना बना चुकी थी। उन्होंने पूछा- “हो गई तैयार?” मैंने कहा- “तैयार हूं, चेंज भी कर लिया है। 8:15 बज गए हैं।” तो मुझसे ही कहने लगे- “@@@@”, यह शब्द कहकर बोले- “@@@ समझ रखा है मुझे। ऐसा मत समझना कि मैं तुम्हारी बातों में आ जाऊंगा।” इसके बाद भी उल्टा-सीधा बोलते रहे। जब औरत अपना घर बसाने के लिए मायका छोड़ सकती है, तो गलत ससुराल मिलने पर उसे त्यागने का भी हुनर रखती है। बाबा, आपने मेरे साथ उल्टा ही क्यों किया? 11/9/26 को ग्यारस है और मेरा व्रत है, लेकिन घर में खिचड़ी बनाने के लिए घी नहीं है। मैं मम्मी के पास गई। मम्मी ने कह दिया कि घी खत्म हो गया है। मुझे थोड़ा बुरा लगा और रोना भी आया, लेकिन खुद को संभालकर उमा भाभी के पास गई। उनसे घी लेकर आई और फिर खिचड़ी बनाई। यहां व्रत रहे या न रहे, कोई व्रत की चीजें लाने वाला नहीं है। भूखे रहे तो रहे। मैंने तो भगवान जी से हमेशा यही मांगा कि हे भोलेनाथ, मुझे इतना दे देना कि मुझे किसी के आगे हाथ न फैलाना पड़े। लेकिन बाबा, आपने मेरे साथ उल्टा ही क्यों किया? इस घर में छोटी-छोटी सी चीज के लिए कभी सासू मां के आगे तो कभी जेठानियों के आगे हाथ फैलाना पड़ता है। ऐसा क्यों किया महादेव मेरे साथ? डायरी में लिखा- पति बीमारी और पीरियड्स के दौरान भी हालचाल नहीं पूछता रजनी ने लिखा- पति रिंकू रात करीब 8:15 बजे घर आता था और बिना बात किए सो जाता था। बीमारी और पीरियड्स के दौरान भी हालचाल नहीं पूछता था। वह रात 2 बजे तक रोती रहती थी। उसने शादी में मिले गहने और स्कूटी अपने कब्जे में रखने और दहेज के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का भी जिक्र किया है। रजनी ने आरोप लगाया कि ग्वालियर की स्थानीय बहुओं को छूट दी जाती थी, जबकि भोपाल, सागर और दूसरे शहरों से आई बहुओं को ताने दिए जाते हैं। 7 साल अतिथि शिक्षक रही, सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थी रजनी ने MA, B.Ed, PGDCA और B.Lib की पढ़ाई की थी। करीब सात साल तक गौहरगंज में अतिथि शिक्षक के रूप में काम किया और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थी। भाई के मुताबिक, सास उसकी पढ़ाई को लेकर भी ताने देती थी। पति रिंकू B.Tech है और डबरा तहसील में एक प्रोजेक्ट पर काम करता है। चार साल पहले भी टल गया था रिश्ता पुलिस के अनुसार- रजनी की शादी करीब चार महीने पहले रिंकू से हुई थी। वह तीसरी बार ही मायके से ससुराल आई थी। दोनों परिवारों में चार साल पहले भी रिश्ते की बात चली थी, लेकिन पत्रिका मिलान नहीं होने से रिश्ता टल गया था। चार साल बाद दोबारा रिश्ता तय हुआ और शादी हुई। पुलिस बोली- डायरी और हैंडराइटिंग की जांच जनकगंज थाना प्रभारी अतुल सिंह सोलंकी ने बताया कि मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से संबंधित डायरी के पन्ने सौंपे हैं। डायरी में लिखी बातों और हैंडराइटिंग की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर पति और सास के खिलाफ सुसंगत धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here