मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। सीएम ने जीतू पटवारी को दिया नया नाम
सीएम डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को नया नाम दे दिया। उन्होंने पटवारी को ‘नौसिखिया’ कहा। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान से साफ समझा जा सकता है कि इशारा किसकी ओर था। इससे पहले भी सीएम पटवारी को ‘दो कौड़ी का अध्यक्ष’ कह चुके हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव उज्जैन के महिदपुर में एक सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस माता-बहनों का सम्मान नहीं करती और अपने ही कर्मों की वजह से खत्म होती जा रही है। उन्होंने कहा- ‘वो पप्पू और पप्पू के चलाने वाले चप्पू, सब एक लाइन में हैं। जिस दौर में प्रधानमंत्री मोदी का विजय रथ आगे बढ़ रहा है, देश विकास की दौड़ में आगे बढ़ रहा है, ऐसे में उन्होंने अपनी पार्टी की कमान नौसिखियों के हाथ में दे दी है। अब वो नौसिखिए गाड़ी आगे चलाने के बजाय पीछे ठोकें, तो हम भी क्या करें।’ सीएम का इशारा राज्यसभा चुनाव की ओर था। मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों में से एक सीट कांग्रेस के खाते में आना तय मानी जा रही थी, लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन निरस्त हो गया। सीएम ने इशारों-इशारों में इसी घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस पर तंज कसा। अब बात निकली है तो दूर तलक जाएगी ही। लोग सीएम के इस बयान को चुटकी लेते हुए सोशल मीडिया पर खूब शेयर कर रहे हैं। कांग्रेस के मंच पर कांग्रेस के खिलाफ नारे
कार्यक्रम कांग्रेस का, मंच कांग्रेस का… और नारे लगे ‘कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद’ के। दरअसल, ग्वालियर में यूथ कांग्रेस ने ‘रन फॉर OTF’ (वन टाइम फीस) मैराथन का आयोजन किया था। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह समेत कई नेताओं और प्रतिभागियों ने दौड़ लगाई। कार्यक्रम के दौरान उस समय अजीब स्थिति बन गई, जब कांग्रेस के मंच पर ही प्रतिभागियों ने ‘कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। बताया जा रहा है कि प्रतिभागियों से सांत्वना पुरस्कार देने का वादा किया गया था, लेकिन पुरस्कार नहीं मिलने पर वे नाराज हो गए और विरोध में नारेबाजी करने लगे। अब लोग चुटकी ले रहे हैं कि कांग्रेस सत्ता में आने के लिए तो पूरी ताकत लगा रही है, लेकिन अगर अपने ही कार्यक्रम में किए गए वादे पूरे नहीं होंगे, तो बात कैसे बनेगी? सांसद को बारिश से बचाने के लिए ताना बैनर
मंडला में मौसम ने भाजपा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के कार्यक्रम का रंग फीका कर दिया। अचानक तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे बचने के लिए सांसद को कार्यक्रम में लगे बैनर का सहारा लेना पड़ा। दरअसल, कुलस्ते जिले के निवास क्षेत्र के देवगांव में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। कार्यक्रम समापन की ओर था, तभी मौसम ने करवट बदल ली। तेज हवा और बारिश से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते भी बारिश में भीगने लगे। उन्हें बचाने के लिए कार्यकर्ता तुरंत कार्यक्रम स्थल पर लगा बैनर उतार लाए। फिर उसी बैनर को सिर के ऊपर तानकर खड़े रहे, ताकि सांसद बारिश से बच सकें। अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। जान न पहचान, कैसे बनूं आपकी मेहमान
राजधानी स्थित मंत्रालय में एक पुलिस अधिकारी अपनी बेटी की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने पहुंचे थे। कई अधिकारियों ने उनका निमंत्रण स्वीकार किया और शादी में आने की सहमति भी जताई। लेकिन एक महिला अधिकारी ने न सिर्फ उनसे मिलने से इनकार कर दिया, बल्कि निमंत्रण कार्ड भी सीधे लेने की जरूरत नहीं समझी। पुलिस अधिकारी ने वहां तैनात कर्मचारी से कहा कि वे मैडम से मिलना चाहते हैं। कर्मचारी ने अंदर जाकर बताया तो महिला अधिकारी ने पूछा- क्या काम है? कर्मचारी ने लौटकर पुलिस अधिकारी से वजह पूछी। उन्होंने बताया कि वे अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण देने आए हैं। यह सुनने के बाद भी महिला अधिकारी ने ‘जान न पहचान, मैं कैसे बनूं आपकी मेहमान’ वाली शैली अपनाई और उनसे मिलने से मना कर दिया। उन्होंने कर्मचारी से कहा- तुम ही जाकर उनसे कार्ड ले लो। कर्मचारी ने पुलिस अधिकारी से कार्ड लिया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा- अब आप ही शादी में आ जाइएगा। अब मंत्रालय में इस किस्से की खूब चर्चा है। लोग चुटकी ले रहे हैं कि निमंत्रण देने आए अधिकारी को मेहमान तो नहीं मिला, लेकिन जाते-जाते एक नया मेहमान जरूर मिल गया। इनपुट सहयोग – आनंद निगम (उज्जैन), विजय कुमार राठौर (ग्वालियर), विवेक अग्निहोत्री (मंडला) ये भी पढ़ें –
नरोत्तम से बोले देवकीनंदन ठाकुर- मेरी कथा नहीं कराई; छात्र नेता के तेवर, कहा- कलेक्टर का ट्रांसफर करा दूंगा पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा पं. देवकीनंदन ठाकुर की कथा में उनसे आशीर्वाद लेने पहुंचे। इस दौरान देवकीनंदन ठाकुर ने नरोत्तम मिश्रा की जमकर तारीफ की। उन्हें सनातन धर्म का सेवक बताया। साथ ही ये भी शिकायत कर दी कि इन्होंने डबरा में बहुत सुंदर नवग्रह मंदिर बनवाया, मुझे भी बुलाया था, लेकिन मेरी कथा नहीं कराई। पूरी खबर पढ़ें
