Homeमध्यप्रदेशदेवास में छह मिनट में 22 लाख की कार चोरी:सीसीटीवी में कैद...

देवास में छह मिनट में 22 लाख की कार चोरी:सीसीटीवी में कैद वारदात, जीपीएस निष्क्रिय; की-लेस सिस्टम हैक कर चोरी की आशंका

देवास शहर के बीएनपी थाना क्षेत्र में हाईटेक तरीके से कार चोरी का मामला सामने आया है। बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी करीब 22 लाख रुपए की कार महज छह मिनट में चोरी कर ली। वारदात के दौरान कार का न तो कांच तोड़ा गया और न ही किसी प्रकार की तोड़फोड़ की गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने कार के की-लेस एंट्री सिस्टम या इलेक्ट्रॉनिक सेंसर को हैक कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, घटना 15 जुलाई की रात 3:32 बजे की है। तीन बदमाश एक सफेद कार से मौके पर पहुंचे और 3:38 बजे तक रजनीश अग्रवाल की काले रंग की कार स्टार्ट कर लेकर फरार हो गए। घटना के समय कार मालिक खाटू श्याम के दर्शन के लिए बाहर गए हुए थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद थे। सुबह बाहर देखने पर कार गायब मिली। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में तीनों बदमाश दूसरी कार से आते और कुछ ही मिनटों में कार चोरी कर फरार होते दिखाई दिए। चोरी के बाद दोनों कारें शहर के कई स्थानों पर एक साथ गुजरती भी नजर आईं। पीड़ित ने बीएनपी थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। चोरी की कार से आए, रास्ते में बदली नंबर प्लेट जांच में सामने आया कि आरोपी जिस कार से आए थे, वह भी कुछ दिन पहले गुजरात से चोरी की गई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी विजयागंज मंडी रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, जहां उन्होंने कार की नंबर प्लेट बदली। इस दौरान दोनों कारों का कुछ सामान भी वहीं फेंक दिया। दस्तावेजों की जांच में पता चला कि आरोपियों की कार गुजरात से चोरी की गई थी। इसके बाद आरोपी उज्जैन रोड की ओर फरार हो गए। सॉफ्टवेयर से बंद कर दिया कार का जीपीएस कार मालिक रजनीश अग्रवाल ने बताया कि वाहन में कंपनी का जीपीएस सिस्टम लगा था। घटना के बाद कंपनी से संपर्क कर लोकेशन ट्रैक करने का प्रयास किया गया, लेकिन पता चला कि सॉफ्टवेयर के जरिए जीपीएस को निष्क्रिय कर दिया गया है। इससे कार की लोकेशन नहीं मिल सकी। की-लेस सिस्टम हैक करने की आशंका, हर एंगल से जांच पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बदमाशों ने कार के की-लेस एंट्री सिस्टम या इलेक्ट्रॉनिक सेंसर को हैक कर चोरी को अंजाम दिया या किसी अन्य तकनीक का इस्तेमाल किया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here