Homeछत्तीसगढ़दुर्ग- रकबा कटने से किसान ने दी आत्महत्या की चेतावनी:सुकमा में एक...

दुर्ग- रकबा कटने से किसान ने दी आत्महत्या की चेतावनी:सुकमा में एक भी टोकन नहीं कटा, धान खरीदी के पहले दिन बढ़ी किसानों की परेशानी

छत्तीसगढ़ में आज (15 नवंबर) से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई है। इस साल किसानों को धान के लिए 3100 रुपए प्रति क्विंटल मिलेंगे। एक एकड़ में अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। पहले दिन किसानों को अलग-अलग तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। दुर्ग में डेढ़ एकड़ रकबा कटने से 33 क्विंटल धान बेचने में परेशान किसान ने आत्महत्या की बात कही। कांग्रेस ने इसे षडयंत्र बताया और किसानों का पूरा धान खरीदे जाने की मांग की है। किसी किसान को ऑनलाइन टोकन की तारीख जनवरी में मिल रही है, तो किसी का पंजीकृत रकबा कम होने से धान बेचने में दिक्कत हो रही है। किसानों ने अपनी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं। धमतरी में पहले दिन 550 से ज्यादा किसानों ने टोकन कटवाया। वहीं, सुकमा में किसी भी किसान का टोकन नहीं कटा। दोपहर 12 बजे तक जिला मुख्यालय के खरीदी केंद्र में न किसान पहुंचे और न ही धान से भरी गाड़ियां आईं। जबकि केंद्र में खरीदी की पूरी तैयारी थी। प्रदेश में 27.50 लाख से ज्यादा किसानों ने पंजीयन कराया है। इस बार खरीदी केंद्रों की संख्या 2740 से बढ़ाकर 3100 कर दी गई है। टोकन काटने, किसान पंजीयन और खेत में बोई गई फसल की जांच की प्रक्रिया भी ऑनलाइन की जा रही है। देखिए तस्वीरें… ऑनलाइन टोकन की तारिख जनवरी में मिली दुर्ग जिले के 123 केंद्रों में धान खरीदी शुरू हुई। अंडा खरीदी केंद्र में पहुंचे जंजगिरी के किसान तुलाराम देशमुख को ऑनलाइन टोकन की तारीख 21 जनवरी मिली। उन्होंने ऑफलाइन टोकन के लिए केंद्र में नाम दर्ज कराया है। डेढ़ एकड़ रकबा कटा, 33 क्विंटल धान नहीं बिकेगा दुर्ग में किसान शिवप्रसाद निर्मलकर ने बताया कि रिकॉर्ड में 67 आर जमीन कम हो गई है। इससे करीब 33 क्विंटल धान नहीं बेच पाएंगे। उन्होंने कर्ज लेकर खेती की है। कलेक्टर से शिकायत के बाद रकबे से जुड़ी गलती सुधारकर दो-तीन दिन में मुख्य कार्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं। सुकमा में पहले दिन टोकन नहीं कटा सुकमा जिले में धान खरीदी के पहले दिन किसी किसान का टोकन नहीं कटा। दोपहर 12 बजे तक जिला मुख्यालय के खरीदी केंद्र में न किसान पहुंचे और न ही धान से भरी गाड़ियां आईं। केंद्रों में कांटा पूजन के साथ तैयारियां पूरी थीं, लेकिन खरीदी शुरू नहीं हो सकी। कर्मचारी और अधिकारी किसानों का इंतजार करते रहे। जिले में धान खरीदी के लिए 27 समितियां बनाई गई हैं। इनमें 18,641 किसानों ने पंजीयन कराया है। किसानों ने 36,389.55 हेक्टेयर में धान लगाया है। अवैध धान रोकने 14 चेक पोस्ट बनाए दूसरे राज्यों से आने वाले धान और अवैध ढुलाई रोकने के लिए 14 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। पिछले खरीफ सीजन में जिले में करीब 8 लाख क्विंटल धान खरीदा गया था। जिला खाद्य अधिकारी रवि शंकर कोमरा ने बताया कि सभी 27 समितियों में खरीदी की तैयारी पूरी है। धान की कटाई देर से होने के कारण शुरुआत में किसानों की आवक कम रहने की उम्मीद है। 39 केंद्रों पर रहेगी खास नजर दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि जिले के 39 केंद्र संवेदनशील हैं। यहां विशेष निगरानी होगी। किसान ऑनलाइन के साथ समिति में जाकर ऑफलाइन टोकन भी ले सकते हैं। पहचान अंगूठे के निशान और आंखों की जांच से होगी। किसान की जगह उसका अधिकृत व्यक्ति भी धान बेच सकेगा।। सातों जिलों में खरीदी शुरू दुर्ग संभाग कमिश्नर सत्यनारायण राठौर ने बताया कि दुर्ग संभाग के सातों जिलों में धान खरीदी शुरू हो गई है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने तिरगा और निकुम खरीदी केंद्रों का शुभारंभ किया। इसके बाद उरला, झीट और सांकरा केंद्रों का शुभारंभ और अमलेश्वर में बैंक भवन का भूमि पूजन होना है। धमतरी में पहले दिन 550 से अधिक किसानों ने टोकन कटवाया धमतरी जिले के 108 धान खरीदी केंद्रों में इस साल 1.31 लाख से ज्यादा किसान धान बेचेंगे। पहले दिन 550 से अधिक किसानों ने टोकन कटवाया था। सुबह से किसान धान लेकर केंद्रों में पहुंचने लगे। शंकरदाह खरीदी केंद्र में तौल मशीन की पूजा-अर्चना कर खरीदी शुरू की गई। केंद्र में बैठने, पेयजल, शौचालय, सीसीटीवी और बारदाने की व्यवस्था की गई है। किसानों ने कहा कि चार महीने की मेहनत के बाद धान बेचने का मौका मिला है। इससे परिवार की आर्थिक जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी। रायपुर में कलेक्टर ने खुद जांची नमी, कराया तौल रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जोरा, आरंग के मुरेठी और नगपुरा केंद्र पहुंचकर खरीदी शुरू कराई। इस दौरान पूजा-अर्चना भी की गई। नगपुरा केंद्र में कलेक्टर ने नमी मापक यंत्र से धान की जांच की और खुद तौल भी कराया। उन्होंने खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया। केंद्रों में किसानों के लिए पेयजल, छांव और बैठने की व्यवस्था की गई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ के 95 केंद्रों में धान खरीदी सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 95 खरीदी केंद्रों में किसान अपनी फसल बेच सकेंगे। कलेक्टर ने अधिकारियों को सही तरीके से धान खरीदी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खरीदी में गड़बड़ी और लापरवाही नहीं करने को कहा है। साथ ही पूरी प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी रखने के निर्देश दिए हैं। कोरबा में किसान ने बेचा 12.80 क्विंटल धान कोरबा जिले के सभी 68 धान खरीदी केंद्रों में खरीदी शुरू हो गई है। हरदीबाजार केंद्र में पूजा-अर्चना कर खरीदी का शुभारंभ किया गया। पहली किसान गीतांजलि डहरिया का माला पहनाकर सम्मान किया गया। उन्होंने 12 क्विंटल 80 किलो धान बेचा। विधायक प्रतिनिधि नरेश टंडन ने कहा कि किसानों को धान बेचने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। केंद्रों में सभी जरूरी व्यवस्थाएं रखी जाएं और किसानों का सम्मान किया जाए। निगरानी के लिए कमांड सेंटर बनाया धान खरीदी में गड़बड़ी रोकने और व्यवस्था पर नजर रखने के लिए जिला प्रशासन ने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया है। 4 नवंबर को जिला और तहसील स्तर पर जांच समितियों और उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है। शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी कमांड सेंटर के नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर ओंकार यादव बनाए गए हैं। खरीदी की निगरानी रिपोर्ट कलेक्टर को भेजी जाएगी। शिकायत और सुझाव के लिए हेल्पलाइन नंबर 9691901259 जारी किया गया है। 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक बेच सकेंगे धान इस खरीफ सीजन में किसान 1 एकड़ में अधिकतम 21 क्विंटल धान बेच सकेंगे। सरकार ने धान का भाव 3100 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है। इस हिसाब से एक एकड़ में पूरी 21 क्विंटल उपज बेचने पर किसान को 65,100 रुपए मिलेंगे। इसी तरह दो एकड़ में 42 क्विंटल धान बेचने पर 1 लाख 30 हजार 200 रुपए मिलेंगे। वहीं, पांच एकड़ में 105 क्विंटल धान बेचने पर किसान को 3 लाख 25 हजार 500 रुपए मिलेंगे। हालांकि, वास्तविक खरीदी किसान के पंजीकृत रकबे और उपलब्ध उपज के आधार पर होगी। 360 नए खरीदी केंद्रों से मिलेगी राहत सरकार ने इस बार धान खरीदी केंद्रों की संख्या 2740 से बढ़ाकर 3100 कर दी है। यानी पिछले साल के मुकाबले 360 नए केंद्र बनाए गए हैं। इससे दूरस्थ गांवों के किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। खरीदी केंद्रों पर बारदाने, तौल मशीन, नमी मापक यंत्र और धान के भंडारण की व्यवस्था भी जरूरी होगी। तुंहर टोकन ऐप से घर बैठे बुक कर सकेंगे टोकन इस बार धान बेचने के लिए टोकन व्यवस्था को डिजिटल किया गया है। किसान तुंहर टोकन ऐप के जरिए घर बैठे धान बेचने का टोकन बुक कर सकेंगे। इसके अलावा समितियों से भी टोकन जारी किए जाएंगे। इससे किसानों को टोकन लेने के लिए बार-बार सोसायटी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। एग्रीस्टैक और डिजिटल सर्वे से होगा फसल का सत्यापन इस साल धान खरीदी व्यवस्था में एग्रीस्टैक आईडी और डिजिटल क्रॉप सर्वे को भी जोड़ा गया है। इसके तहत पंजीकृत किसानों के खेतों में बोई गई फसल और रकबे का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। धान खरीदी के लिए किसान की पात्रता तय करने में फसल और रकबे का सत्यापन अहम होगा। इसके साथ ही बायोमेट्रिक व्यवस्था से किसान की पहचान सुनिश्चित की जाएगी। …………………… इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… 15 क्विंटल धान बेचने पर 21 क्विंटल का पैसा मिलेगा: प्रति एकड़ 13,839 रुपए की अतिरिक्त सहायता, कम पैदावार पर भी नहीं घटेगा लाभ छत्तीसगढ़ में धान के किसानों को लेकर साय सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अगर किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल की जगह 15 क्विंटल धान बेचते हैं, तब भी उन्हें पूरे 21 क्विंटल की अंतर राशि मिलेगी। यानि किसान यदि कम धान बेच रहे हैं फिर भी उन्हें अंतर की राशि का पूरा लाभ मिलेगा। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here