पन्ना जिले के देवेंद्र नगर बांध में बुधवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पांच युवक गहरे पानी में डूब गए। हादसे में 18 वर्षीय आयुष अग्रवाल और 25 वर्षीय कृष्णा सोनी की मौत हो गई, जबकि साहिल तिवारी, हरिओम द्विवेदी और करण सोनी को बचा लिया गया। आयुष और कृष्णा गहरे पानी में प्रतिमा के नीचे फंस गए थे। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद पन्ना जिला अस्पताल रेफर किया गया है। विसर्जन के दौरान गहरे पानी में जाने से हादसा प्रत्यक्षदर्शी रामकिशोर रैकवार ने बताया कि वे प्रतिमा विसर्जन के लिए बांध पर गए थे। इसी दौरान दो युवकों के पानी में डूबने की सूचना मिली। वह तुरंत पानी में कूदे। दो मछुआरों ने भी मदद की। उन्होंने युवकों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। एसपी बोलीं- पैर फिसलने या गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा एसपी निवेदिता नायडू ने बताया कि बांध में प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्वक चल रहा था। इसी दौरान युवाओं का पैर फिसलने या अनजाने में गहरे पानी में चले जाने से हादसा हुआ। इसमें दो युवकों की मौत हो गई। पहले गहरे पानी में जाने से दो दोस्त डूबने लगे, इसके बाद दोनों को बचाने के चक्कर में पांचों डूब गए। देवेंद्र नगर तहसीलदार सुमित तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। विसर्जन स्थल पर पुलिस, राजस्व और नगर परिषद का अमला तैनात था। पांच युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो को मृत घोषित कर दिया गया। बाकी तीन को पन्ना जिला अस्पताल रेफर किया गया। गोताखोरों की व्यवस्था नहीं होने का दावा प्रत्यक्षदर्शी रामकिशोर रैकवार ने आरोप लगाया कि घटनास्थल पर प्रशासन की ओर से गोताखोरों की व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने बताया कि युवकों को बाहर निकालने में स्थानीय लोगों और मछुआरों ने मदद की।
