दीपावली पर मां लक्ष्मी की पूजा और घरों को सजाने के लिए रायसेन में फूलों की मांग बढ़ गई है। इस बार शहर में 200 क्विंटल से ज्यादा फूलों की बिक्री होने का अनुमान है। मांग पूरी करने के लिए दुकानदारों ने भोपाल, इंदौर और रतलाम सहित दूसरे जिलों से भी फूल मंगवाए हैं। शहर में करीब 30 दुकानें लगी हैं। बाजार में सबसे ज्यादा मांग गेंदे की मालाओं की है। इनकी कीमत 10 से 20 रुपए से शुरू होती है। ग्राहकों की मांग के अनुसार 1000 रुपए तक की बड़ी मालाएं भी बनाई जा रही हैं। मां लक्ष्मी की पूजा के लिए 15 हजार से ज्यादा कमल के फूलों की मांग है। एक कमल 20 से 50 रुपए में बिक रहा है। मांग पूरी करने के लिए दुकानदारों को दूसरे जिलों की मंडियों से भी कमल मंगवाने पड़े हैं। फूल विक्रेता सुनील सैनी ने बताया कि उनकी दुकान पर ही 70 से 80 क्विंटल फूल उपलब्ध हैं। पूरे शहर में 200 क्विंटल से ज्यादा फूलों की खपत होने का अनुमान है। उनका परिवार तीन पीढ़ियों से फूलों का कारोबार कर रहा है। इस बार गेंदे के साथ गुलाब, सेवंती, गजरे और कमल की भी अच्छी मांग है।
