Homeछत्तीसगढ़दिवाली के लिए रायपुर में 1500 क्विंटल फूल मार्केट पहुंचे:गेंदे की डिमांड...

दिवाली के लिए रायपुर में 1500 क्विंटल फूल मार्केट पहुंचे:गेंदे की डिमांड सबसे ज्यादा, ₹500 किलो बिक रहा गुलाब, कोलकाता-बेंगलुरु से मंगाए गए

दिवाली की सजावट के लिए बाजारों में रंग-बिरंगी झालरें और लाइटें तो दिखाई दे रही हैं, लेकिन त्योहार की असली रौनक फूलों से भी बढ़ रही है। घरों के दरवाजों से लेकर पूजा स्थल और मंदिरों तक फूलों की मांग है। इसी मांग को पूरा करने के लिए राजधानी रायपुर के फूल चौक में इस बार बड़ी मात्रा में फूलों की खेप पहुंची है। बाजार में 18 ट्रकों में करीब 1500 क्विंटल फूल बिकने के लिए आए हैं। इनमें 15 ट्रक गेंदे के फूल हैं। जबकि 3 ट्रक में सेवंती, गुलाब और दूसरी किस्मों के फूल शामिल हैं। बाजार में सबसे ज्यादा मांग गेंदे के फूल की है, इसके बाद कमल के फूल खरीदे जा रहे हैं। ज्यादातर फूल कोलकाता और बेंगलुरु से मंगाए गए हैं। वहीं कमल के फूल की सप्लाई छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों से हो रही है। दिवाली की खरीदी के चलते फूल चौक में सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है। दुकानों पर गेंदे की लड़ी, खुले फूल और अलग-अलग किस्मों के फूल सजे हैं। कोई घर के दरवाजे और आंगन को सजाने के लिए गेंदे की माला खरीद रहा है तो कोई पूजा के लिए कमल और दूसरे फूल तलाश रहा है। देखिए ये तस्वीरें… अच्छी खरीदी की उम्मीद में मंगाए 15 ट्रक गेंदा फूल चौक के विक्रेता प्रदीप चौहान बताते हैं कि इस बार दिवाली पर अच्छी खरीदी की उम्मीद है। इसी को देखते हुए 15 ट्रक गेंदे के फूल मंगाए गए हैं। इसके अलावा 3 ट्रक सेवंती, गुलाब और दूसरे किस्म के फूल आए हैं। इस बार ज्यादातर फूल कोलकाता और बेंगलुरु से पहुंचे हैं। कमल के फूल की आवक स्थानीय बाजार में छत्तीसगढ़ के ही अलग-अलग क्षेत्रों से होती है। रातभर चलता है माला बनाने का काम दिवाली के दिन फूलों की मांग अचानक बढ़ जाती है। ऐसे में दुकानदारों के लिए सिर्फ फूल बेचना ही नहीं, बल्कि समय पर ग्राहकों की जरूरत के मुताबिक मालाएं तैयार रखना भी चुनौती होती है। फूल विक्रेता मूलचंद साहू बताते हैं कि त्योहार के समय पूरी रात जागकर काम करना पड़ता है। ग्राहक लगातार आते रहते हैं और उनके लिए माला बनाने का सिलसिला भी चलता रहता है। एक तरफ फूलों को अलग-अलग करके रखा जाता है तो दूसरी तरफ गेंदे की लड़ और मालाएं तैयार की जाती हैं। जैसे-जैसे ग्राहक आते हैं, उनकी जरूरत के अनुसार माला बनाकर दी जाती है। गेंदे की माला 40 से 50 रुपए, सेवंती 800 रुपए किलो तक फूल चौक में इस बार अलग-अलग फूलों के भाव भी तय हैं। गेंदे की पीली लड़ी 50 रुपए और लाल गेंदे की लड़ी 40 रुपए में बिक रही है। सजावट के लिए इस्तेमाल होने वाला हरा पत्ता 60 रुपए का है। वहीं खुला गेंदा 150 रुपए किलो बिक रहा है। सेवंती के भाव 600 से 800 रुपए किलो तक हैं। गुलाब का फूल 500 रुपए किलो में मिल रहा है। कमल का एक फूल 50 रुपए में बेचा जा रहा है। फूलों की कीमत और किस्म के हिसाब से ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार खरीदी कर रहे हैं। इस बार घर में फूलों वाली दिवाली मनाने की तैयारी फूल बाजार में खरीदी करने पहुंचीं अर्पिता शर्मा बताती हैं कि इस बार बाजार में फूलों की कई वैरायटी देखने को मिल रही हैं। फूल भी काफी ताजे हैं। वह इस बार घर में फूलों वाली दिवाली मनाने की तैयारी कर रही हैं। इसके लिए उन्होंने गेंदे के फूल ज्यादा खरीदे हैं। उनके मुताबिक दिवाली पर घर की सजावट में फूलों का इस्तेमाल करने से त्योहार का माहौल अलग दिखाई देता है। वहीं महावीर नगर से आई एक महिला ने बताया कि उन्होंने भी घर की सजावट के लिए गेंदे के फूल ज्यादा खरीदे हैं। इसके साथ ही खुशबू के लिए जैस्मिन लिया है। पूजा के लिए सेवंती के फूल कान्हा जी और भगवान राम-सीता को अर्पित करने के लिए खरीदे हैं। मां लक्ष्मी की पूजा के लिए कमल का फूल लिया है। उनका कहना है कि अलग-अलग देवी-देवताओं की पूजा के लिए फूलों की अपनी पसंद है। इसलिए वह सजावट के साथ पूजा की जरूरत के हिसाब से भी फूल खरीद रही हैं। खेप आने से लेकर माला तैयार होने तक रातभर मेहनत फूल चौक में दिवाली के दौरान कारोबार सिर्फ फूलों की खरीदी-बिक्री तक सीमित नहीं रहता। दूसरे शहरों से फूलों की खेप आने के बाद उन्हें दुकानों तक पहुंचाना, छंटाई करना, अलग-अलग किस्मों में रखना और ग्राहकों के लिए मालाएं तैयार करना भी इसी काम का हिस्सा है। त्योहार के कारण मांग बढ़ने पर दुकानदारों और उनके साथ काम करने वाले लोगों को लगातार काम करना पड़ता है। दिन में जहां ग्राहक फूलों की खरीदी के लिए पहुंचते हैं। वहीं रात में अगले दिन की बिक्री के लिए मालाएं तैयार की जाती हैं। इस तरह घरों और पूजा स्थलों तक पहुंचने वाली फूलों की सजावट के पीछे फूल चौक के दुकानदारों और कारीगरों की पूरी रात की मेहनत जुड़ी रहती है। ………………. दिवाली से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… छत्तीसगढ़ में धनतेरस पर 12,000 करोड़ का कारोबार: 1.50 लाख से ज्यादा गाड़ियां बिकीं, बिलासपुर में 1000 करोड़ की खरीदारी, बाजारों में रही भीड़ छत्तीसगढ़ में धनतेरस पर बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। प्रदेश के सभी जिलों में सोने-चांदी, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन और पटाखों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ी। व्यापारिक संगठनों के मुताबिक, प्रदेशभर में 12 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार हुआ। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here