कटनी से 50 किमी दूर बरही में दीपावली की रात तीन मंजिला मकान में आग लगने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। इनमें 2 माह का मासूम और दो बच्चियां शामिल हैं। रात करीब 12 बजे ग्राउंड फ्लोर की क्रॉकरी और किराना दुकान में लगी आग तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। सीढ़ियां आग की चपेट में आने से परिवार के लोग भीतर फंस गए। रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी दीपिका बाहर निकलकर बच गए। परिजनों का आरोप है कि सूचना के करीब आधे घंटे बाद पहुंची बरही नगर परिषद की दमकल में पानी कम था और पाइप फटा हुआ था। करीब डेढ़ घंटे बाद विजयराघवगढ़ से आई दूसरी दमकल की पाइप भी खराब थी। बाद में कैमोर और कटनी से दमकलें बुलानी पड़ीं। सुबह तक रेस्क्यू चला। अर्थमूवर से दीवार तोड़कर शव निकाले गए। स्थानीय युवाओं ने भी मदद की। मृतकों में पूरन अग्रवाल (77), पत्नी चंद्रकला (74), बहू, नातिनें आर्या (14), अन्वी (6) और 2 माह का मासूम शामिल हैं। कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए… सीएमओ बोले- पाइप नहीं फटा था सिवनी; सराफा कारोबारी, पत्नी, 2 बहुओं व नाती समेत 6 की जान गई सिवनी के छपारा स्थित महावीर वार्ड में दीपावली की रात एक मकान में आग लगने से सराफा कारोबारी के परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। हादसा रात करीब 3:30 बजे हुआ। तब परिवार सो रहा था। आग लगने के बाद मकान में धुआं भर गया। दम घुटने से ज्यादातर मौतें होने की आशंका है। मृतकों में सराफा कारोबारी कुंदनलाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी (65), बेटी ऋतु (42), बहुएं स्मृति (40) और सूर्या (45) तथा नाती आदित्य (16) शामिल हैं। मकान में परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे। इनमें कुंदनलाल के बेटे रितेश और सौरभ तथा पोता-पोती किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाने में सफल रहे। आगे कैसे लगी- अभी स्पष्ट नहीं है। 4-4 लाख रुपए मदद… सीएम डॉ. मोहन यादव ने कटनी-सिवनी की घटनाओं पर शोक जताया। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए सहायता राशि देने के निर्देश दिए।
