दमोह में दबंगों ने रछवाई रस्म के दौरान दलित समाज के दिव्यांग दूल्हे को घोड़ी से उतारकर पीटा। उसे बचाने आए घरवालों से भी मारपीट की। मामला हटा थाना इलाके के बिजोरी पाठक गांव में मंगलवार शाम का है। इसका वीडियो भी सामने आया है। वारदात के बाद दलित समाज के लोग दूल्हे को लेकर हटा थाने पहुंचे। उनकी शिकायत पर पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। गांव में पुलिस बल तैनात करने के बाद ही बारात निकाली जा सकी। पुलिस के मुताबिक, बिजोरी पाठक गांव के रहने वाले गोलू अहिरवार (23) की बारात छतरपुर के बूढ़ी सेमरा गांव जानी थी। मंगलवार शाम करीब 5 बजे उसकी रछवाई निकल रही थी। इसी दौरान गांव के रहने वाले घुप्पू लोधी, विश्वनाथ लोधी, विछु लोधी और चिन्नू लोधी ने गोलू के घोड़ी चढ़ने पर ऐतराज जताया। जातिसूचक गालियां दीं। गोलू के परिजन ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे घोड़ी से खींचकर नीचे गिरा दिया। फिर पीटने लगे। बचाने आई बहन मनीषा के साथ भी मारपीट की गई। देखिए, चार तस्वीरें… मां बोली- घोड़ी चढ़े बिना रस्म कैसे पूरी होगी गोलू की मां विद्या अहिरवार ने कहा- लोधी समाज के लोगों ने रछवाई निकालने से मना किया। हमने कहा कि आज बारात जानी है। घोड़ी चढ़े बिना रस्म कैसे पूरी होगी? इस पर आरोपियों ने मारपीट कर दी। बेटी मनीषा को भी मारा। उसके सोने के कुछ जेवर भी मारपीट के दौरान गायब हो गए। थाना प्रभारी बोले- आरोपियों को जल्द पकड़ेंगे हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने बताया कि गोलू के चाचा गरीबा अहिरवार की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उनके जल्द पकड़ लिया जाएगा। गांव में पुलिस तैनात की गई है ताकि विवाह शांतिपूर्वर संपन्न कराया जा सके। ये खबर भी पढ़ें… शादी वाले घर में घुसी पुलिस, बारातियों को पीटा कटनी में कुठला थाना पुलिस शादी वाले घर में घुसी। बारातियों और घरवालों पर लाठियां बरसाईं। रात ढाई बजे दूल्हा, दुल्हन और उसके भाई को थाने ले गई। काफी मिन्नतों के बाद सुबह चार बजे छोड़ा, जिसके बाद शादी हो पाई। परिजन का दावा है कि पुलिस की पिटाई से दुल्हन के भाई आकाश चौधरी और दूल्हे के चाचा सहित कई लोगों के हाथ फ्रैक्चर हो गए जबकि कुछ के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पढ़ें पूरी खबर…
