Homeमध्यप्रदेश'दरांती से बेटे को काट डाला..लोग वीडियो बनाते रहे':पिता बोले-20 मिनट तक...

‘दरांती से बेटे को काट डाला..लोग वीडियो बनाते रहे’:पिता बोले-20 मिनट तक मारते रहे आरोपी; विधवा बहन को हक दिलाने लड़ रहा था केस

वे मेरे बेटे के साथ मारपीट करते रहे। रॉड और दरांती से 20 मिनट तक वार कर उसे काट डाला, लेकिन वहां खड़े 15 लोगों में से किसी ने बीच-बचाव की कोशिश तक नहीं की। कुछ तो वीडियो रिकॉर्ड करते रहे। यह कहते ही बुजुर्ग हरिसिंह यदुवंशी फफक-फफक कर रोने लगे। दरअसल, हरदा के टिमरनी थाना क्षेत्र के गोदड़ी गांव में पिता-पुत्र ने मिलकर मंगलवार दोपहर हरिसिंह के बेटे राकेश यादव की हत्या कर दी थी। राकेश अपनी विधवा बहन के हक के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहा था। यही बात आरोपियों को नागवार गुजरी। मर्डर का वीडियो भी सामने आया है। दैनिक भास्कर टीम गोदड़ी गांव पहुंची और पीड़ित परिवार की आपबीती जानी। पढ़िए रिपोर्ट… पहले ये 3 तस्वीरें देखिए… जानिए क्या है पूरा मामला राकेश मकान बनाने (मिस्त्री) का काम करते थे। वे अपने गांव गोदड़ी में ही एक निजी स्कूल में काम देखने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे उनकी बहन प्रमिला के जेठ लालसिंह ने अपने बेटे जितेंद्र के साथ मिलकर उन्हें रोक लिया। आरोप है कि लालसिंह ने राकेश के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे वह सड़क पर गिर गए। राकेश कुछ समझ पाते, इससे पहले ही जितेंद्र ने दरांती से सिर, चेहरे और कान पर एक के बाद एक कई वार किए। इस घटना के दौरान सड़क से गुजर रहे कई लोग वहां ठहर गए और वारदात को देखते रहे। सूचना मिलते ही गंभीर रूप से घायल राकेश को उनके भाई तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गांव में सन्नाटा पसरा, आरोपियों के घर पर ताला मिला टीम गोदड़ी गांव पहुंची तो वहां सन्नाटा पसरा मिला। आरोपियों के घर ताला लगा था। आरोपी पिता-पुत्र, लालसिंह और जितेंद्र को पुलिस ने जेल भेज दिया। इसके बाद लालसिंह की पत्नी मीना और बेटी भी घर छोड़कर कहीं चली गई। वहीं, लालसिंह के बुजुर्ग पिता अलग-अलग जगह रह रहे हैं। ग्रामीणों से बात करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कैमरे पर बात करने से इनकार कर दिया। इसके बाद टीम पीड़ित परिवार के घर पहुंची, जहां राकेश के परिजनों से बातचीत हुई। बहन का हक दिलाने कानूनी लड़ाई लड़ रहा था राकेश इस हत्याकांड के पीछे 7 एकड़ पैतृक जमीन का विवाद बताया जा रहा है। दरअसल, राकेश की छोटी बहन प्रमिला ने करीब आठ साल पहले लालसिंह के छोटे भाई रायसिंह यदुवंशी से प्रेम विवाह किया था। दोनों के एक बेटा दिव्यांशु और बेटी दिव्यांशी हैं। प्रमिला ने बताया कि 17 जून 2025 को उसके पति रायसिंह की घर के सामने सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। पति के निधन के करीब 15 दिन बाद ही जेठ लालसिंह और जेठानी ने उसे दोनों बच्चों के साथ घर से निकाल दिया। इसके बाद से वह अपने मायके में भाइयों के साथ रह रही थी। प्रमिला ने यह आरोप भी लगाया कि उसके पति की मौत भी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। उसका कहना है कि पति को भी जेठ और उसके बेटे ने मारकर घर के सामने सड़क पर फेंक दिया था और घटना को सड़क हादसा बताया था। हालांकि पुलिस ने इस आरोप की पुष्टि नहीं की। बताया जा रहा है कि जिस सात एकड़ जमीन को लेकर विवाद है, वह लालसिंह के पिता के नाम पर है। पिता बोले- हम पहुंचे तो खून से लथपथ पड़ा था बेटा पिता हरिसिंह यदुवंशी ने बताया कि उनका बड़ा बेटा राकेश गांव के तुलसीदास नाम के निजी स्कूल में फर्श का काम देखने गया था। स्कूल संचालक ने उसे फर्श लगाने के लिए बुलाया था। कुछ देर बाद स्कूल संचालक घर पहुंचे और बताया कि लालसिंह और उसका बेटा जितेंद्र राकेश को पीट रहे हैं। हरिसिंह ने बताया कि राकेश और आरोपियों का घर करीब 400 मीटर दूर है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक राकेश खून से लथपथ सड़क पर पड़ा था। आरोपी अपने घर के अंदर जा रहे थे। मौके पर 15 से ज्यादा लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी आरोपियों को रोकने की कोशिश नहीं की। राकेश के छोटे भाई धर्मेंद्र ने बताया कि वह खेत में काम कर रहा था। तभी उसे घटना की सूचना मिली। वह तुरंत निजी वाहन से घायल भाई को जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। धर्मेंद्र ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। स्कूल से लौटे बच्चों को मिली पिता की मौत की खबर राकेश के बेटे अजय ने बताया कि वह छोटी बहन दुर्गा के साथ स्कूल से घर लौटा तो पिता की मौत की खबर मिली। सुबह पिता ने ही दोनों को स्कूल भेजा था। अजय ने रोते हुए कहा कि उसके पिता की बिना किसी वजह के हत्या कर दी गई। उसने आरोपियों को कड़ी सजा देने और पिता के लिए न्याय की मांग की। अजय ने बताया कि पिता उनकी परवरिश के साथ-साथ अपनी बहन के दोनों बच्चों का भी ख्याल रखते थे। अब हमारा और उनका ध्यान कौन रखेगा? पहले भी दोनों परिवारों के बीच हो चुकी थी मारपीट परिजनों ने बताया कि जमीन को लेकर करीब एक साल पहले भी दोनों परिवारों के बीच झगड़ा और मारपीट हुई थी। उस समय पुलिस ने लालसिंह और उसकी पत्नी मीना के खिलाफ कार्रवाई की थी और दोनों को जेल भेजा था। इसके बाद से दोनों पक्षों ने थाने में कोई शिकायत नहीं की थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लालसिंह के खिलाफ पहले से पांच मामले दर्ज हैं। इनमें मारपीट के चार और सड़क हादसे का एक मामला शामिल है। घर के पास झाड़ियों में मिले रॉड और दरांती करताना चौकी प्रभारी प्रकाश सोलंकी ने बताया कि घटना का वीडियो सामने आने के बाद आरोपियों से पूछताछ की गई। शुरुआत में उन्होंने घटना में शामिल होने से इनकार किया, लेकिन बाद में हमले की बात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि पहले रॉड से राकेश पर हमला किया था। उसके जमीन पर गिरने के बाद दरांती से वार किए गए। पुलिस को घर के पास झाड़ियों में रॉड और दरांती मिले हैं। ====================== यह खबर भी पढ़ें… विधवा बहन को हिस्सा दिलाने केस लगा रखा था पिता-पुत्र ने मिलकर अपने रिश्तेदार राकेश यादव की दरांती से हमला कर हत्या कर दी। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी जितेंद्र यदुवंशी बीच सड़क पर राकेश पर ताबड़तोड़ वार करता नजर आ रहा है। घटना मंगलवार दोपहर गोदड़ी गांव की है। पूरी खबर पढ़िए…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here