दिवाली से पहले दतिया पुलिस ने 154 लोगों को उनका गुम मोबाइल वापस लौटाकर बड़ी राहत दी। साइबर सेल ने 1 से 7 नवंबर के बीच CEIR पोर्टल के जरिए करीब 32 लाख रुपए कीमत के 154 मोबाइल फोन ट्रेस किए। मोबाइल मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। कई लोगों के लिए यह सिर्फ फोन की वापसी नहीं, बल्कि उसमें सुरक्षित जरूरी फोटो, दस्तावेज और निजी जानकारी वापस मिलने जैसा था। पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनजीत सिंह चावला के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान चलाया गया। मोबाइल लेने पहुंचे लोगों से एएसपी ने बातचीत कर उनके मोबाइल गुम होने की जानकारी ली। साथ ही मोबाइल की सुरक्षा को लेकर जरूरी सावधानियां भी बताईं। पुलिस ने लोगों से लिया फीडबैक कार्यक्रम के दौरान एएसपी चावला ने नागरिकों से जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस की जनसेवाओं को लेकर भी चर्चा की। लोगों से पुलिस की कार्यप्रणाली के संबंध में फीडबैक लिया गया। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने दतिया पुलिस की पहल की सराहना करते हुए आभार जताया। साइबर सेल की टीम ने की कार्रवाई मोबाइल ट्रेस करने की कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक अभिषेक तोमर, आरक्षक प्रशांत शर्मा, वीरेंद्र, शुभम यादव, सूरज, उपेंद्र, अंकेश तथा महिला आरक्षक अशिंका और सविता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
