Homeमध्यप्रदेशदतिया का रिजल्ट कैसे बदलेगा MP की राजनीति:बीजेपी जीती तो मोहन-खंडेलवाल का...

दतिया का रिजल्ट कैसे बदलेगा MP की राजनीति:बीजेपी जीती तो मोहन-खंडेलवाल का कद बढ़ेगा; कांग्रेस की जीत तो पटवारी मजबूत होंगे

दतिया उपचुनाव का नतीजा 3 अगस्त को आएगा। यह सिर्फ एक विधानसभा सीट का फैसला नहीं करेगा, बल्कि बीजेपी-कांग्रेस के संगठन और प्रदेश के कई बड़े नेताओं की आगे की राजनीति पर भी असर डाल सकता है। सबसे ज्यादा नजर पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा पर है। दतिया लंबे समय से उनका राजनीतिक गढ़ रहा है, लेकिन 2023 का विधानसभा चुनाव हारने के बाद बीजेपी ने इस उपचुनाव में उनकी जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी जीते या कांग्रेस, नतीजे का एनालिसिस नरोत्तम की राजनीतिक ताकत और पार्टी में उनकी आगे की भूमिका से जोड़कर होगा। बीजेपी के लिए यह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की बड़ी चुनावी परीक्षा है। कांग्रेस के लिए नतीजा प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व, संगठन की ताकत और 2028 की तैयारियों का संकेत देगा। संडे स्टोरी में पढ़िए संभावित नतीजों के राजनीतिक मायने क्या होंगे? पहला सिनेरियो: बीजेपी जीती तो क्या बदलेगा? टिकट बदलकर भी जीते तो संगठन की ताकत का संदेश
बीजेपी की जीत का पहला राजनीतिक संदेश नरोत्तम मिश्रा के टिकट बदलाव से जुड़ा होगा। पार्टी यह कह सकेगी कि दतिया किसी एक नेता का नहीं, बल्कि बीजेपी के संगठन का गढ़ है। टिकट बदलाव के बाद स्थानीय असंतोष की चर्चाएं भी सामने आईं। वरिष्ठ पत्रकार दिनेश गुप्ता कहते हैं कि बीजेपी सीट जीतती है तो पार्टी कह सकेगी कि उम्मीदवार बदलने के बाद भी उसका संगठन और वोट आधार कायम है। इसका असर भविष्य के टिकट फैसलों पर पड़ सकता है। पार्टी दूसरी सीटों पर बड़े या स्थापित चेहरों को बदलने जैसे कठिन फैसले लेने में ज्यादा सहज हो सकती है। जीत नरोत्तम की नई भूमिका का रास्ता खोलेगी?
बीजेपी की जीत के बाद नरोत्तम को लेकर दो राजनीतिक संभावनाएं हैं। पहली, उनके बिना भी बीजेपी ने उनका पुराना गढ़ जीत लिया, यानी दतिया में पार्टी की ताकत किसी एक चेहरे पर निर्भर नहीं है। दूसरी, यदि टिकट नहीं मिलने के बावजूद वे चुनाव में सक्रिय रहे और पार्टी जीतती है तो संगठन और चुनाव प्रबंधन में उनकी उपयोगिता का दावा मजबूत होगा। वरिष्ठ पत्रकार दिनेश गुप्ता के मुताबिक, ऐसी स्थिति में राज्यसभा, राष्ट्रीय राजनीति, संगठन या चुनाव प्रबंधन में बड़ी भूमिका के लिए उनकी दावेदारी बढ़ सकती है। मोहन यादव के लिए चुनावी नेतृत्व की बड़ी सफलता
मुख्यमंत्री बनने के बाद दतिया उपचुनाव डॉ. मोहन यादव की बड़ी चुनावी परीक्षाओं में है। बीजेपी जीतती है तो इसे उनके नेतृत्व में अहम चुनावी सफलता माना जाएगा। पार्टी यह संदेश दे सकेगी कि सरकार के कामकाज और संगठन के साथ मुख्यमंत्री का तालमेल चुनावी मैदान में भी नतीजे दे रहा है। इससे बीजेपी और केंद्रीय नेतृत्व में मोहन यादव का राजनीतिक कद बढ़ सकता है। 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से पहले यह जीत उनके नेतृत्व के लिए महत्वपूर्ण होगी। हेमंत खंडेलवाल की संगठन पर पकड़ मजबूत होगी
हेमंत खंडेलवाल के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद ये पहला उपचुनाव है। जीत मिलने पर इसे उनके नेतृत्व में संगठन की बड़ी सफलता माना जाएगा। टिकट बदलाव और स्थानीय असंतोष जैसी चुनौतियों के बावजूद प्रदेश संगठन चुनाव संभालने में सफल रहा तो सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय का दावा मजबूत होगा। इसका असर 2028 की तैयारियों पर पड़ सकता है। संगठनात्मक फैसलों में खंडेलवाल की भूमिका बढ़ सकती है। टिकट चयन से लेकर कमजोर सीटों की रणनीति तक उन्हें ज्यादा राजनीतिक स्पेस मिल सकता है। कांग्रेस हारी तो पटवारी के नेतृत्व और रणनीति पर सवाल
कांग्रेस ने दतिया में किसान, OBC और स्थानीय मुद्दों के साथ बीजेपी के अंदरूनी असंतोष को चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश की। इसके बावजूद हार हुई तो इस रणनीति के असर पर सवाल उठेंगे। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के लिए भी नतीजा अहम होगा। कांग्रेस यदि बीजेपी के टिकट बदलाव और स्थानीय असंतोष का फायदा नहीं उठा पाती है तो संगठन, बूथ प्रबंधन और चुनावी रणनीति की समीक्षा का दबाव बढ़ सकता है। 2028 से पहले पार्टी को यह देखना होगा कि सरकार विरोधी मुद्दों को वोट में बदलने के लिए संगठन में कहां बदलाव की जरूरत है। दूसरा सिनेरियो: कांग्रेस जीती तो क्या बदलेगा? बीजेपी के टिकट को लेकर उठेंगे सवाल?
कांग्रेस जीतती है तो नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटने के बीजेपी के फैसले पर सवाल उठेंगे। विपक्ष कहेगा कि नरोत्तम के बिना बीजेपी अपना पुराना गढ़ नहीं बचा सकी। एक पक्ष टिकट बदलाव को हार की वजह बताएगा। ये भी कहा जाएगा कि बीजेपी ने अपना मजबूत स्थानीय चेहरा खो दिया। दूसरा तर्क दे सकता है कि यदि नरोत्तम का स्थानीय प्रभाव अब भी पहले जैसा मजबूत है तो उनके समर्थन से नए उम्मीदवार को भी फायदा मिलना चाहिए था। बीजेपी के लिए राजनीतिक झटका
वरिष्ठ पत्रकार आशीष दुबे के मुताबिक कांग्रेस की जीत बीजेपी के लिए राजनीतिक झटका होगी। बीजेपी सत्ता में है, ऐसे में सीट नहीं बचा पाना विपक्ष को सरकार के खिलाफ राजनीतिक हमला तेज करने का मौका देगा। हालांकि एक उपचुनाव के परिणाम को पूरे प्रदेश के जनमत के रूप में देखना जल्दबाजी होगी, लेकिन विपक्ष इसे 2028 के लिए सरकार विरोधी नरेटिव बनाने में इस्तेमाल करेगा। संगठन की होगी नए सिरे से समीक्षा
हेमंत खंडेलवाल के लिए बीजेपी की हार संगठनात्मक चुनौती बनेगी। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी शुरुआती बड़ी चुनावी परीक्षाओं में है। विपक्ष इसे उनके नेतृत्व में बीजेपी संगठन की चुनावी असफलता के रूप में पेश करेगा। पार्टी के भीतर टिकट चयन, बूथ प्रबंधन और स्थानीय गुटबाजी को लेकर सवाल उठ सकते हैं। जीतू पटवारी का कद बढ़ेगा, 2028 की रणनीति में प्रभाव भी
कांग्रेस की जीत का सीधा राजनीतिक फायदा प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को मिल सकता है। लगातार चुनावी चुनौतियों के बीच दतिया जैसी हाई-प्रोफाइल सीट जीतना उनके नेतृत्व की बड़ी उपलब्धि होगी। इससे संगठन पर उनकी पकड़ मजबूत होगी। ये खबरें भी पढ़ें… 1. दतिया कांग्रेस प्रत्याशी बोले- भारती ने BJP से पैसे लिए मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने भाजपा से फंडिंग ली। चुनाव हराने के लिए भितरघात कर साजिश रची। पढ़ें पूरी खबर… 2. दतिया उपचुनाव-2023 जैसी चुनौती नहीं, फिर भी कांग्रेस को डर 27 जुलाई 2026, दोपहर करीब 1 बजे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी दतिया में पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के घर पहुंचे। उनके साथ अवधेश नायक भी थे। तीनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बंद कमरे में बातचीत हुई। पटवारी और भारती की यह पहली मुलाकात नहीं है। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here