विधानसभा उपचुनाव को लेकर आज (शनिवार) होने वाले कांग्रेस के विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी दोपहर करीब दो बजे दतिया की मोटल होटल पहुंच गए। इस दौरान दोनों ने कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। निर्धारित कार्यक्रम समय से दोनों नेता करीब 4 घंटे की देरी इस कार्यक्रम में पहुंचे। दोनों नेताओं के आने के बाद कार्यक्रम स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ नजर आई। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर कार्यक्रम में सहभागिता की। स्थानीय नेताओं को अब इन दोनों नेताओं के संबोधन का इंतजार है। कई नेता जता रहे हैं दावेदारी
उपचुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी के कई दिग्गज नेता अपनी दावेदारी कर रहे हैं। गुटबाजी और अंदरूनी खींचतान को थामने और चुनावी रणनीति को धार देने के लिए ही दतिया में कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन होने जा रहा है। पहले यह सम्मेलन गुरुवार को होना था, लेकिन हाईप्रोफाइल दिग्गजों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए इसकी तारीख बदली गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के अलावा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और सांसद अशोक सिंह के भी शामिल होने की चर्चा थी। दावेदारों में पूर्व विधायक घनश्याम सिंह और पूर्व राज्य मंत्री अवधेश नायक का नाम प्रमुखता से आगे चल रहा है। वहीं, राजेंद्र भारती के परिवार से भी टिकट की तगड़ी मांग की जा रही है। इनके अलावा जिलाध्यक्ष अशोक दांगी बगदा और शहर कांग्रेस अध्यक्ष अजय शुक्ला भी रेस में शामिल हैं। 2023 में ऐन वक्त पर कटा था अवधेश का टिकट
सियासी गलियारों में चर्चा है कि साल 2023 के मुख्य चुनाव में राजेंद्र भारती ने ऐन वक्त पर अवधेश नायक का टिकट कटवाकर खुद सिंबल हासिल कर लिया था। यही वजह है कि इस बार अवधेश नायक पासा पलटने की पूरी फिराक में हैं और अंदरखाने लामबंदी मजबूत कर रहे हैं। पार्टी नेतृत्व ने सभी पदाधिकारियों, मोर्चा संगठनों और कार्यकर्ताओं को सुबह 10.30 बजे अनिवार्य रूप से मोटल होटल पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। माना जा रहा है कि इस बंद कमरे की बैठक के बाद कांग्रेस दतिया उपचुनाव के लिए अपने नए प्रत्याशी के नाम पर मुहर लगा देगी। पूर्व विधायक दिल्ली में डेरा जमाए हैं
इधर, दतिया के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती इन दिनों दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं। 8 जुलाई को उनके मामले की सुनवाई है। हाईकोर्ट ने इसी तारीख को निर्वाचन आयोग से जबाव तलब किया है। वे पिछले लम्बे से दिल्ली में हैं और कांग्रेस के कार्यक्रमों व बैठकों से दूरी बनाए हुए हैं। कांग्रेस जिला अशोक दांगी का कहना है कि उनका दिल्ली में ऑपरेशन हुआ है। वे जल्द ही कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
