मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उपचुनाव का महत्व आम चुनाव जितना नहीं होता, लेकिन हार को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस हार की समीक्षा करेगी और इसके कारणों का विश्लेषण करेगी। विजयवर्गीय ने सोमवार देर रात इंदौर में मीडिया से बात की। मीडिया से बातचीत में विजयवर्गीय ने कहा, उपचुनाव का बहुत ज्यादा महत्व नहीं होता, फिर भी हार, हार होती है और जीत, जीत होती है। प्रदेश अध्यक्ष ने भी कहा है कि पार्टी इस परिणाम पर चिंतन करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव परिणामों की विस्तृत समीक्षा करेगी और यह पता लगाया जाएगा कि किन कारणों से पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए आवश्यक कदम भी उठाए जाएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के क्षेत्र की सीट पर भी दी प्रतिक्रिया भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रभाव वाले क्षेत्र की सीट पर आए परिणाम को लेकर पूछे गए सवाल पर विजयवर्गीय ने कहा कि वे स्वयं वहां चुनाव प्रचार के लिए गए थे। उन्होंने कहा, वह काफी हद तक व्यक्ति आधारित सीट थी। वह चुनाव नहीं लड़े, इसलिए वहां परिणाम कुछ अलग रहे। व्यक्ति आधारित सीटों पर इस तरह की परिस्थितियां बन जाती हैं। विजयवर्गीय ने संकेत दिए कि पार्टी सभी पहलुओं पर मंथन कर आगामी चुनावों के लिए रणनीति तैयार करेगी।
