Homeमध्यप्रदेशतीन दिन से भूखी थी इंस्टाग्राम रील्स बनाने वाली पलक:मौत से पहले...

तीन दिन से भूखी थी इंस्टाग्राम रील्स बनाने वाली पलक:मौत से पहले पलक की आखिरी रील ने बढ़ाया हत्या का संदेह, डिप्रेशन-एंजॉयटी का किया था जिक्र

ग्वालियर की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और ‘इंस्टाग्राम क्वीन’ के नाम से पहचान बना चुकी 21 वर्षीय पलक रजक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत कई चौंकाने वाले खुलासों की ओर इशारा कर रही है। आत्महत्या और हत्या के दावों के बीच पलक के सोशल मीडिया अकाउंट से ऐसे संकेत मिले हैं, जो उसके भीतर चल रहे गहरे मानसिक संघर्ष और कथित प्रताड़ना की कहानी बयां कर रहे हैं। लाखों व्यूज पाने वाली पलक की रील्स अब उसकी जिंदगी के आखिरी दिनों का दर्दनाक दस्तावेज बन गई है। मुरार के सुरैयापुरा निवासी पलक रजक सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थी। पलक के 10 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स थे, उसकी रील्स पर हजारों-लाखों व्यूज आते थे, लेकिन कैमरे के पीछे उसकी जिंदगी पूरी तरह बिखर चुकी थी। मौत के बाद जब पुलिस और परिवार ने उसके इंस्टाग्राम अकाउंट को खंगाला, तो कई ऐसी पोस्ट और रील्स सामने आईं, जिनमें वह मानसिक तनाव, घुटन और टूटन की ओर इशारा करती नजर आई। मौत से दो दिन पहले पोस्ट की थी रील मौत से दो दिन पहले 10 मई को पोस्ट की गई एक रील ने जांच एजेंसियों का ध्यान खींचा है। इस रील में पलक ने Panic Attack, Anxiety, Sleepless Nights, Continuous Crying और Depression जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। इन शब्दों को अब उसके मानसिक हालात और निजी जीवन से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस ने भी इन सोशल मीडिया पोस्ट्स और रील्स को जांच का हिस्सा बनाया है। तीन दिन तक खाना नहीं खाया था जांच में यह बात भी सामने आई है कि मौत से पहले पलक ने तीन दिनों तक खाना नहीं खाया था। परिवार और करीबियों के अनुसार उसने अंतिम दिनों में अपने पिता और भाई को फोन कर बताया था कि वह ससुराल में बेहद परेशान है और कई दिनों से भूखी है। इस दावे ने मामले को और गंभीर बना दिया है। परिजनों का आरोप है कि पलक को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जबकि दूसरी ओर मामले में आत्महत्या की आशंका भी जताई जा रही है। ऐसे में पुलिस अब सोशल मीडिया गतिविधियों, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और परिवार के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। फर्स्ट मैरिज एनिवर्सरी पर पोस्ट की थी यह रील पलक ने 24 अप्रैल 2026 की रात 12 बजे अपनी पहली मैरिज एनिवर्सरी पर इंस्टाग्राम पर एक रील पोस्ट की थी। इसमें बैकग्राउंड में गाना चल रहा था—“मैं यहां भी गई, मैं वहां भी गई…”। इस रील पर उसने लिखा था—“सत्यानाश होने वाले जितने रास्ते थे, मैं सबमें VIP एंट्री लेकर घुस गई।” शादी की सालगिरह जैसे खास मौके पर इस तरह की पोस्ट को अब उसकी मानसिक स्थिति से जोड़कर देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाली पलक की यह पोस्ट अब जांच का अहम हिस्सा बन गई है। अधूरा रह गया जन्मदिन 25 अप्रैल 2026 को पलक की शादी को एक साल पूरा हुआ था। आगामी 30 जून को वह 22 साल की होने वाली थी, लेकिन जन्मदिन से पहले ही उसकी जिंदगी का सफर थम गया। शादी के बाद यह उसका दूसरा जन्मदिन होने वाला था। “भैया मुझे यहां से ले जाओ, वरना ये लोग मार डालेंगे” मृतका के भाई प्रिंस ने बताया कि 12 मई की शाम, मौत से करीब 30 मिनट पहले यानी शाम 6:14 बजे पलक ने उन्हें और अपने पिता को आखिरी कॉल किया था। प्रिंस के मुताबिक, “बहन फोन पर बुरी तरह रो रही थी। उसने कहा—‘भैया, मुझे जल्दी आकर यहां से ले जाओ, नहीं तो ये लोग मुझे मार डालेंगे।’ यह सुनते ही मैं तुरंत घर से निकला, लेकिन जब तक मैं उसकी ससुराल पहुंचता, तब तक वहां से फोन आ गया कि पलक अस्पताल में भर्ती है। जब जिला अस्पताल पहुंचा तो स्ट्रेचर पर उसकी लाश पड़ी थी।” शरीर पर मिले चोट के निशान, मायके पक्ष बोला- ‘हत्या है’ पलक की शादी अप्रैल 2025 में एयरफोर्स में आउटसोर्स कर्मचारी अमित रजक से हुई थी। भाई प्रिंस और अन्य परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही सास और देवर कार की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। उनका कहना है कि पति अमित भी अपनी मां और भाई की प्रताड़ना का विरोध नहीं करता था। परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी के समय मायके पक्ष द्वारा दी गई एफडीआर (FDR) भी ससुराल पक्ष ने जबरन तुड़वाकर अपने पास रख ली थी। संघर्ष के मिले निशान परिवार का दावा है कि अस्पताल में पलक के गले, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के गहरे निशान मिले थे। परिजनों का कहना है कि मौत से पहले पलक ने खुद को बचाने के लिए संघर्ष किया होगा। उनका आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुरार जिला अस्पताल में डॉक्टरों के पैनल द्वारा मृतका का पोस्टमार्टम कराया गया। मुरार थाना पुलिस का कहना है कि प्रारभिंक पड़ताल में मामला हैंगिंग का प्रतीत हो रहा है। पर अभी हम शॉर्ट पीएम रिपोर्ट पर डॉक्टरों से एक सेकंड ओपिनियन लेंगे। इसके बाद ही कुछ नतीजे पर पहुंचेंगे। ये खबर भी पढ़ें… ग्वालियर में नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत ग्वालियर के मुरार स्थित सुरैयापुरा इलाके में रहने वाली नवविवाहिता पलक रजक(22) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके पक्ष ने हत्या का संगीन आरोप लगाया है। चौंकाने वाली बात यह है कि मौत से महज 30 मिनट पहले (मंगलवार शाम 6.14 बजे) पलक ने अपने भाई प्रिंस को फोन कर जान बचाने की गुहार लगाई थी।पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here