धार जिले के सादलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुसावदा में मेवाती ढाबे पर तोड़फोड़ और गाली-गलौज करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद गुरुवार शाम को पुलिस ने चारों आरोपियों का सादलपुर चौराहे पर जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान आरोपियों से कान पकड़कर सार्वजनिक रूप से माफी भी मंगवाई गई। पुलिस की कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर जुलूस देखते नजर आए। 18 नवंबर की रात ग्राम मुसावदा स्थित मेवाती ढाबे पर शुभम, गोपाल, हेमंत और मनोज ने पहुंचकर तोड़फोड़ की थी। इस दौरान आरोपियों ने ढाबे पर गाली-गलौज भी की। घटना के बाद ढाबा संचालक ने सादलपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296(a), 3(5), 324(4) और 351(3) में प्रकरण दर्ज किया था। मामले में कार्रवाई करते हुए सादलपुर थाना पुलिस ने शुभम, गोपाल, हेमंत और मनोज को गिरफ्तार किया। इसके बाद थाना प्रभारी ज्योति पटेल पुलिस बल के साथ आरोपियों को लेकर सादलपुर चौराहे पहुंचे और उनका जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपियों से कान पकड़कर सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई। जुलूस को देखने के लिए आसपास के रहवासी और राहगीर भी मौके पर जमा हो गए। अपराध करने वालों को नहीं बख्शेंगे थाना प्रभारी ज्योति पटेल ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगाड़ने और अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। इस तरह की घटनाओं में पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
