Homeछत्तीसगढ़डिलीवरी के समय ऑपरेशन थिएटर में गाया भरथरी, VIDEO:लोकगायिका ने डॉक्टरों को...

डिलीवरी के समय ऑपरेशन थिएटर में गाया भरथरी, VIDEO:लोकगायिका ने डॉक्टरों को सुनाया ‘पहली सुमिरन विघ्न हरइया गणेश ल’; स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में लोकगायिका हेमलता पटेल ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। सीजेरियन के दौरान उन्होंने ऑपरेशन थिएटर में डॉक्टरों के सामने भरथरी गीत गाया। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हेमलता ने ‘पहली मैं सुमिरन गणेश ल, विघ्न-बाधा के हरइया हे…’ पंक्तियां गाईं। इसका अर्थ है- सर्वप्रथम मैं गणेश की वंदना करती हूं, वे संकटों को हरने वाले हैं। आमतौर पर डिलीवरी के दौरान महिलाएं दर्द और तनाव में रहती हैं, लेकिन हेमलता पटेल के इस वीडियो की लोग तारीफ कर रहे हैं। पहले देखिए ये तस्वीरें… एनेस्थीसिया देने के बाद गाने लगीं भरथरी हेमलता पटेल गुंडरदेही ब्लॉक की रहने वाली प्रसिद्ध भरथरी लोकगायिका हैं। वह पिछले 2 साल से सार्वजनिक मंचों पर भी लोकगीत गा रही हैं। सोमवार (17 अगस्त) को उनकी डिलीवरी होनी थी। उन्हें ग्राम सिवनी स्थित उम्मीद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने सीजेरियन डिलीवरी कराने का फैसला लिया। ऑपरेशन से पहले एनेस्थीसिया देने के बाद डॉक्टर प्रदीप साहू और उनकी टीम प्रक्रिया में जुट गई। इसी दौरान हेमलता ने मुस्कुराते हुए भरथरी गीत गाना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में उनकी आवाज पूरे ऑपरेशन थिएटर में गूंजने लगी। इसका वीडियो भी सामने आया है। डॉक्टर बोले- ऐसे मौके कम ही आते हैं ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर प्रदीप साहू ने बताया कि ऑपरेशन थिएटर में ऐसे मौके कम ही आते हैं, जब कोई मरीज डर और तनाव के माहौल को खुशनुमा बना दे। हेमलता ने जिस सहजता और सकारात्मक सोच के साथ गीत गाया, वह उनके लिए भी अलग अनुभव रहा। मेडिकल टीम अपना काम करती रही और हेमलता ऑपरेशन के दौरान भरथरी गीत गाती रहीं। सफल रहा ऑपरेशन, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ सोमवार रात करीब 11 बजे सीजेरियन डिलीवरी के जरिए हेमलता ने लड़के को जन्म दिया। डिलीवरी सफल रही। फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं। ऑपरेशन के दौरान गीत गाने का यह पल अस्पताल के मेडिकल स्टाफ के लिए भी यादगार बन गया। भरथरी और पंडवानी गायिका के रूप में पहचान हेमलता पटेल क्षेत्र में भरथरी और पंडवानी गायिका के रूप में जानी जाती हैं। लोकगायन में उनकी अलग पहचान है। उनके गीतों के वीडियो सोशल मीडिया पर भी अक्सर वायरल होते रहते हैं। सोशल मीडिया पर लोग कर रहे तारीफ ऑपरेशन थिएटर में भरथरी गीत गाने का वीडियो सामने आने के बाद लोग हेमलता के आत्मविश्वास और लोककला के प्रति उनके लगाव की तारीफ कर रहे हैं। दर्द और तनाव के बीच भी सहज रहकर अपनी कला से जुड़े रहने का उनका अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। ………………… इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… दुर्ग जिला अस्पताल में चींटियों ने बंद कराया ऑपरेशन थिएटर, VIDEO: 3 दिनों से सीजेरियन से लेकर दूसरी सर्जरी प्रभावित, डॉक्टर बोले- संक्रमण का खतरा छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला अस्पताल की मदर-चाइल्ड यूनिट (एमसीएच) के ऑपरेशन थिएटर में चीटियों का जमावड़ा होने से सिजेरियन डिलीवरी बंद है। इसका असर दूसरी प्लान की गई सर्जरी पर भी पड़ रहा है। संक्रमण के खतरे को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने ऑपरेशन थिएटर को बंद किया है। अब सभी सीजेरियन डिलीवरी मेजर ऑपरेशन थिएटर में किए जा रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here