जिला अस्पताल में एक मरीज को सलाइन की जगह मिनरल वॉटर की बोतल से ड्रिप चढ़ाने का मामला सामने आया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने ड्यूटी डॉक्टर और नर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय सत्यम यादव ने बुधवार को चूहे मारने की दवा खा ली थी। दोपहर करीब 2 बजे उसे जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात डॉ. भरत साहू ने नर्स भावना चौधरी को मरीज को मिनरल वॉटर की बोतल से ड्रिप लगाने के निर्देश दिए। नर्स ने विरोध किया तो डॉक्टर ने खुद बोतल से ड्रिप लगा दी।
