डबरा शहर के कटारिया चौराहे पर शनिवार दोपहर पांच लोगों ने एक युवक की कार पर फायरिंग कर दी। गोली कार के आगे के शीशे पर लगी। आरोपियों ने कार पर किसी वस्तु से वार भी किया और मौके से भाग गए। युवक कार लेकर थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। थाना प्रभारी संजय शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। देर रात कंचनपुर गांव निवासी अनिल रावत की शिकायत पर सत्येंद्र रावत, नीरज रावत, गुलशन रावत, उपेंद्र रावत और शिवा परिहार के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया गया। दो दिन पहले ढाबे पर हुआ था विवाद अनिल रावत ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले आरोपियों से एक ढाबे के पास उनका विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद आरोपियों ने उनकी घेराबंदी की। अनिल के मुताबिक, शनिवार दोपहर वह ओवरब्रिज के नीचे से कपड़े खरीदकर लौट रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोका। इसके बाद 315 बोर के कट्टे से गोली चलाई, जो कार के आगे के शीशे पर लगी। आरोपियों ने कार पर भी वार किया और भाग गए। दतिया में मिली आरोपियों की लोकेशन डबरा सिटी पुलिस ने पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कीं। देर रात आरोपियों की लोकेशन दतिया जिले में मिली। इसके बाद थाना प्रभारी ने एक टीम वहां भेजी। थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि कटारिया चौराहे पर कंचनपुर गांव के एक युवक पर गोली चलाने की घटना हुई है। पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।
