खंडवा के छैगांवमाखन में सोमवार शाम चिकन और अंडे के ठेले में आग लग गई। आग की चपेट में गैस सिलेंडर आ गया और कुछ देर बाद तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। हादसे में पूरा लोडिंग वाहन जलकर खाक हो गया। दुकानदार महेंद्र परमार झुलस गए। उनके हाथ और चेहरे पर चोटें आई हैं। उन्हें छैगांवमाखन स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना शाम करीब 6 बजे इंदौर-खंडवा हाईवे पर छैगांवमाखन के मेन चौराहे की है। बताया जा रहा है कि महेंद्र परमार रोज की तरह अपने लोडिंग वाहन में बने ठेले पर चिकन फ्राई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई। उन्होंने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेल की जमावट के कारण आग और भड़क गई। देखते ही देखते आग ने पूरे ठेले को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने दुकानदार को बाहर निकाला
प्रत्यक्षदर्शी विवेकसिंह तंवर ने बताया कि आग लगने के बाद दुकानदार लगातार उसे बुझाने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बाहर खींच लिया। ग्रामीणों ने उसे दूर हटने के लिए कहा। कुछ ही देर बाद सिलेंडर फट गया। धमाके के साथ आग की लपटें उठीं और पूरा पिकअप वाहन जल गया। ग्रामीणों और पुलिस ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। हाईवे पर अफरातफरी, ट्रैफिक डायवर्ट
घटना मेन चौराहे पर होने से इलाके में अफरातफरी मच गई। यह चौराहा खंडवा, इंदौर और बुरहानपुर मार्ग को जोड़ता है। हादसे के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर कई वाहनों को दूर से ही डायवर्ट किया। गनीमत रही कि बायपास चालू होने के कारण यात्री बसों को छोड़कर अधिकांश ट्रैफिक पहले से ही दूसरी ओर से गुजर रहा था। इससे बड़ा हादसा टल गया। परिवार की आजीविका पर संकट
ग्रामीणों के मुताबिक महेंद्र परमार का परिवार लंबे समय से अंडे और चिकन का ठेला लगाकर गुजर-बसर करता है। उन्होंने लोडिंग वाहन में ही ठेला फिट कर रखा था। आग में वाहन पूरी तरह जल गया, जिससे परिवार की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। बताया जा रहा है कि ठेले पर नियम अनुसार कमर्शियल गैस सिलेंडर का उपयोग किया जा रहा था।
