Homeमध्यप्रदेशजीतू बोले- डंडे कम चलाओ, हमारी सरकार आने वाली है:सीएम का पुतला...

जीतू बोले- डंडे कम चलाओ, हमारी सरकार आने वाली है:सीएम का पुतला जलाते कांग्रेसियों और पुलिस में झूमाझटकी; आरोप- किसान को सुविधा नहीं

रतलाम के सातरुंडा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुतला जलाने के दौरान कांग्रेसियों और पुलिस के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। पुलिस पुतला छीनने और आग बुझाने के लिए बाल्टियां लेकर दौड़ती रही। इसी बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने पुलिस से कहा- ‘थोड़े डंडे कम चलाओ, हमारी सरकार आने वाली है।’ उन्होंने कहा कि सीएम पुतले जलाने जैसे काम करेंगे तो विरोध में पुतले भी जलाए जाएंगे। पटवारी ने किसानों के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए सांसद के बयान पर सवाल उठाए और कहा कि किसानों को बिजली, पानी और यूरिया तक समय पर नहीं मिल रहा है। पुतला छीनने के लिए पुलिस-कांग्रेसियों में झूमाझटकी शुक्रवार दोपहर रतलाम ग्रामीण कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर सातरुंडा चौराहे पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिस ने पुतला छीनने की कोशिश की तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसे बचाने का प्रयास किया। आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष किशन सिंघार पुतले को पकड़कर सड़क पर लेट गए। पुलिस ने उनसे पुतला छीन लिया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के पोस्टर भी जलाए और नारेबाजी की। पुलिस और कांग्रेसियों के बीच खींचतान में पुतला आधा ही जल पाया। बाद में पुलिस ने उसका बचा हुआ हिस्सा छीन लिया। इस दौरान पुतला दो टुकड़ों में बंट गया। बोले- किसानों को बिजली, पानी और यूरिया नहीं मिल रही पुतला दहन के कुछ देर बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस से कहा कि कार्यकर्ताओं पर थोड़े डंडे कम चलाओ, हमारी सरकार आने वाली है। उन्होंने कहा कि पुतला जला रहे कार्यकर्ता के पुट्ठे तक जला दिए गए। पटवारी ने भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के किसानों पर दिए बयान का जिक्र करते हुए कहा कि एक सांसद कह रहे हैं कि किसान नौ महीने नशा करते हैं, जबकि किसानों को समय पर बिजली, पानी और यूरिया नहीं मिल रहा। रतलाम ग्रामीण को सूखाग्रस्त घोषित किया गया या नहीं, यह भी सवाल है। उन्होंने कहा कि वे किसानों के बेटे हैं। भाजपा बताए कि नशे में कौन है? बोले- कार्यकर्ता पर अन्याय हुआ तो आवाज उठाऊंगा पटवारी ने कहा कि किसी भी कार्यकर्ता के साथ अन्याय हुआ तो वे उसके लिए आवाज उठाएंगे। उन्होंने एसआईआर का जिक्र करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनाव जीतने की तैयारी करने को कहा। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा भी किया। विश्व आदिवासी दिवस पर सीएम के बयान का विरोध कांग्रेस नेताओं ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान के विरोध में पुतला दहन किया गया। प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर सातरुंडा चौराहे पर प्रदर्शन आयोजित किया गया था। ये रहे मौजूद प्रदर्शन में आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष किशन सिंघार, रतलाम ग्रामीण के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी लक्ष्मणसिंह डिंडोर, युवा कांग्रेस विधानसभा उपाध्यक्ष अनिल कटारिया, बिरमावल सरपंच रमेश डिंडोर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सविता भंवर, गोपाल निनामा, बद्रीलाल भंवर, मांगीलाल मालवी, जनपद सदस्य कमल भूरिया, बिट्टू रावल, अनिल निनामा, बंटी जाट, भंवर भूरिया और सुखदेव मालवीय सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here