उज्जैन में ट्रैक्टर एजेंसी मालिक की हत्या के 4 आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को जमकर पीटा। माधव नगर पुलिस आरोपियों को जिस जगह कारोबारी की हत्या हुई थी, उसी जगह लेकर गई थी। इस दौरान 2 पुलिसकर्मी मर्डर स्पॉट से रास्तेभर आरोपियों को पीटते नजर आए। सामने आए 4-5 वीडियो में पुलिसकर्मी आरोपियों पर प्लास्टिक पाइप से करीब 30-35 बार वार करते दिखाई दे रहे हैं। पाइप पड़ते ही आरोपी उचक जाते और दर्द से चिल्लाने लगते हैं। पुलिस आरोपियों को पैदल घटनास्थल तक लेकर गई थी। वीडियो में रास्तेभर पुलिसकर्मी पाइप बरसाते नजर आ रहे हैं। पहले ये तस्वीरें देखिए… आरोपियों को सीन रीक्रिएशन के लिए ले गई थी पुलिस माधव नगर पुलिस के मुताबिक, आरोपी विजय पिता नारायण सिंह ठाकुर (29), करण पिता राजेश गाठिया (21), विशाल पिता नारायण सिंह ठाकुर (32) और सागर पिता रतन सिंह तनोरिया (31) को शनिवार को मौका मुआयना कराने घटनास्थल पर ले जाया गया था। माधव नगर थाना प्रभारी गजेंद्र पचौरिया ने बताया कि हत्या के मामले में अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शनिवार को मामले में शामिल 3 आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया। चार आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया। हॉर्न बजाने पर हुआ था विवाद दरअसल, 27 अगस्त की रात मध्य प्रदेश के उज्जैन के दमदमा में रास्ते से हटने के लिए हॉर्न बजाने पर 8-9 बदमाशों ने ट्रैक्टर एजेंसी मालिक यश मित्तल की चाकू गोदकर हत्या कर दी थी। हमले में उसके 2 साथी भी घायल हुए थे। मृतक की पहचान ऋषि नगर एक्सटेंशन निवासी यश मित्तल (27) के रूप में हुई है। यश मूल रूप से तराना का रहने वाला था। वह माता-पिता के साथ उज्जैन में रहता था और चिमनगंज मंडी में ट्रैक्टर का शोरूम संचालित करता था। दोस्तों के साथ कार से जा रहा था युवक परिजन के मुताबिक, यश गुरुवार रात दोस्त अभय व्यास और मंगल के साथ कार से जा रहा था। दमदमा मोड़ के पास कुछ युवक अपने वाहन लेकर रास्ते में खड़े थे। रास्ता नहीं मिलने पर यश और उसके दोस्तों ने हॉर्न बजाया। इसी बात को लेकर युवकों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर युवकों ने तीनों पर चाकुओं से हमला कर दिया। आरोपियों ने यश को पकड़कर उसके पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए। दोनों दोस्त किसी तरह वहां से निकलकर पुलिस के पास पहुंचे और घटना की जानकारी दी। सुबह 5 बजे मिली यश की लाश दोनों दोस्तों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे। पुलिस ने यश की तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे बाद सुबह 5 बजे यश का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर जिला पंचायत कार्यालय के सामने मिला। चाकू लगने से घायल अभय और मंगल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। प्रारंभिक जांच में आयुष शर्मा, विजय सिंह ठाकुर, विशाल ठाकुर, आकाश, करण, सागर और शेंटू समेत अन्य युवकों के नाम सामने आए हैं। पैर और सीने में चाकू मारे गए थे टीआई गजेंद्र पचौरिया ने बताया कि हमले के बाद आरोपी यश को घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर ले गए थे, जहां उसका शव मिला। यश के पैर और सीने में चाकू मारे गए थे। उसके दोनों दोस्तों अभय और मंगल की पीठ पर भी चाकू से वार किए गए। दोनों की हालत खतरे से बाहर है। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन को सौंपा शव पुलिस के मुताबिक, कुछ युवक दमदमा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई थी। पुलिस आरोपियों की भूमिका और हत्या की वजह की जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन को सौंप दिया गया था। ……………………………… यह खबर भी पढ़ें मध्य प्रदेश के उज्जैन के दमदमा में रास्ते से हटने के लिए हॉर्न बजाने पर 8-9 बदमाशों ने ट्रैक्टर एजेंसी मालिक को चाकू गोदकर मार डाला। 2 साथियों पर भी हमला किया, जिससे वे घायल हैं। पुलिस ने 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पढ़ें पूरी खबर…
