इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राजगढ़ की सपना ने उनसे मंच पर बात की। जिले के माचलपुर के पास ग्राम मल्हारगढ़ (कालीकाबे) की सपना गुर्जर ने आरक्षण-भर्ती मुद्दा उठाया। सपना ने राहुल गांधी के सामने 27 प्रतिशत आरक्षण और लंबे समय से अटकी सरकारी भर्तियों पर बात की। बताया कि मार्च 2019 में कांग्रेस सरकार ने ओबीसी आरक्षण 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 27 प्रतिशत किया था। सरकार बदलने के बाद 13 प्रतिशत पदों पर कोर्ट का हवाला देकर नियुक्तियां रोक दी गईं। पिछले करीब 8 साल से 10 हजार सरकारी पदों पर नियुक्ति रुकी हुई है। सपना ने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। 2023 पुलिस भर्ती में चयन, फिजिकल में नंबर-1, फिर भी नियुक्ति नहीं
सपना के पिता भैरूलाल गुर्जर खेती-किसानी करते हैं। परिवार में पांच संतानें हैं, जिनमें चार बेटियां और एक बेटा है। सपना चार बहनों में चौथे नंबर की हैं। उनके भाई विक्रम गुर्जर ने बताया कि सपना इंदौर में SSC की तैयारी कर रही हैं। सपना का 2023 की पुलिस भर्ती में चयन हुआ था। लिखित परीक्षा में अच्छे अंक आए थे। भोपाल में हुए फिजिकल टेस्ट में सपना नंबर-1 रही थीं। इसके बावजूद अभी तक उन्हें नियुक्ति नहीं मिली है। इसी मुद्दे को लेकर वह लगातार अपनी और दूसरे अभ्यर्थियों की आवाज उठा रही हैं। छात्रों की समस्याओं को लेकर उठाती हैं आवाज
परिवार के अनुसार सपना किसी विशेष राजनीतिक दल का समर्थन नहीं करतीं। वह छात्रों के भविष्य और भर्ती से जुड़ी समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाती रही हैं। शनिवार को इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम में भी उन्होंने अपने साथ प्रभावित कई छात्र-छात्राओं की समस्याएं उनके सामने रखीं। घर पर लाइव देख रहा था परिवार, मंच पर पहुंची तो खुशी हुई
सपना के पिता और भाई ने बताया कि परिवार शनिवार को कार्यक्रम को घर से लाइव देख रहा था। जब सपना राहुल गांधी के मंच पर पहुंचीं और छात्रों की समस्याएं उनके सामने रखीं तो परिवार में खुशी का माहौल था। परिवार का कहना है कि सपना ने जिन अभ्यर्थियों की आवाज उठाई है, उनकी बात सरकार तक पहुंचे और लंबे समय से अटकी नियुक्तियों का रास्ता साफ हो।
