चिंतामन-नईखेड़ी रेलवे बायपास के जमीन अधिग्रहण का मामला पेचीदा होता जा रहा है। अलाइनमेंट चेंज करने के मामले में किसानों ने राजस्व टीम को परिसंपत्तियों को सर्वे कराने से रोक दिया। 2-3 घंटे ग्रामीणों और अफसरों के बीच बहसबाजी हुई। मशक्कत के बाद भी टीम को बगैर सर्वे के ही लौटना पड़ा। घटनाक्रम सुबह 11 बजे से शुरू हुआ। यहां पुलिस फोर्स के साथ 3 तहसीलदार अर्चना गुप्ता, दीप्ति मांझी, गोवर्धन राजोरिया टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने उन्हें रोक लिया। ग्रामीणों ने पहले तो अलाइनमेंट चेंज करने के मामले में कोर्ट के फैसले के बाद सर्वे कराने की बात कही। इसे लेकर अफसरों व ग्रामीणों के बीच तीखी बहस हुई। मौजूद ग्रामीण जीतसिंह फौजी ने अफसरों को बताया कि रेलवे अधिकारियों ने रिश्वत लेकर अलाइनमेंट चेंज किया है। इसे लेकर कोर्ट में हमारी लड़ाई चल रही है। इतना ही नहीं हमारी जमीन का मुआवजा कितना मिलेगा, यह भी स्पष्ट नहीं किया।
