जबलपुर के भंवरताल स्थित संस्कृति थिएटर में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के मसौदा नियमों को लेकर उच्च स्तरीय समिति की जनसंवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आम नागरिकों, कानूनविदों, बुद्धिजीवियों और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों से सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त करना था। कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्धजन, वरिष्ठ नागरिक और सभी धर्मों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में बरगी से भाजपा विधायक नीरज सिंह ने लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाली महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि विवाद की स्थिति में महिलाओं को स्पष्ट कानूनी संरक्षण मिलना चाहिए, ताकि उनका शोषण रोका जा सके। कैंट विधायक अशोक रोहानी ने सुझाव दिया कि देश की बड़ी युवा आबादी को देखते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं की राय भी यूसीसी में शामिल की जानी चाहिए। कांग्रेस नेता अनुराग जैन ने जैन धर्म की परंपराओं और संतों की चर्या पर यूसीसी के संभावित प्रभाव को लेकर सवाल उठाए। इस पर समिति ने स्पष्ट किया कि किसी भी धर्म की मूल धार्मिक मान्यताओं से कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। वहीं पूर्व विधायक संजय यादव ने आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों तथा पंचायत स्तर पर उनके पारंपरिक अधिकारों पर कानून के प्रभाव को लेकर जानकारी मांगी।
