जबलपुर में साइबर अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गोरखपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला डॉक्टर के घर में लगे CCTV कैमरों से कथित तौर पर निगरानी रखे जाने का खुलासा हुआ है। कैमरे से आवाजें आने के बाद डॉक्टर को शक हुआ कि उनके कैमरे हैक किए गए हैं। मामले में डॉक्टर ने गोरखपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। आदर्श नगर निवासी डॉ. प्राची सक्सेना ने करीब चार साल पहले अपने घर में सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे लगवाए थे। डॉक्टर के अनुसार करीब एक सप्ताह पहले अचानक कैमरे से आवाजें आने लगीं। शुरुआत में उन्हें लगा कि कोई सामान्य तकनीकी समस्या होगी, लेकिन ध्यान से सुनने पर कैमरे से बच्चे के रोने जैसी आवाज सुनाई दी। मोबाइल लेकर कैमरे के पास जाते ही बंद हुई आवाज डॉक्टर ने जब मोबाइल से कैमरे की आवाज और वीडियो रिकॉर्ड करने की कोशिश की तो कैमरे के पास जाते ही आवाज बंद हो जाती थी। इसके बाद उन्होंने कैमरे को कपड़े से ढक दिया और बिना किसी को बताए उसका कनेक्शन काट दिया। शुक्रवार को डॉ. प्राची सक्सेना ने गोरखपुर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घर में लगे दो CCTV कैमरे जब्त कर जांच के लिए लैब भेजे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कैमरे किस तरह एक्सेस किए गए और इसके पीछे कौन है। कैमरे से धमकी भरी आवाज आने का आरोप डॉ. प्राची सक्सेना ने बताया कि कैमरे से आने वाली आवाज में किसी व्यक्ति के बोलने की बात सामने आई। उन्होंने आरोप लगाया कि आवाज में अभद्र बातें और धमकी भी दी गई। डॉक्टर का कहना है कि ऐसा लगा जैसे कोई लगातार घर की गतिविधियों पर नजर रख रहा हो, जिससे वह डर गईं। घटना के बाद लोगों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के लिए डॉक्टर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया है। इसमें उन्होंने लोगों से CCTV कैमरों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। साइबर पुलिस ने दी सावधानी बरतने की सलाह साइबर एएसपी जितेंद्र सिंह ने बताया कि इंटरनेट से जुड़े सभी उपकरणों के हैक होने की संभावना रहती है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि IP एड्रेस से जुड़े CCTV कैमरों के पासवर्ड समय-समय पर बदलते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि घर में लगे कैमरों की सुरक्षा के साथ यह भी ध्यान रखना चाहिए कि CCTV किस कंपनी का है और उसके सुरक्षा मानक क्या हैं। क्योंकि इंटरनेट से जुड़े कैमरे, मोबाइल, टीवी या अन्य डिवाइस साइबर हमले का शिकार हो सकते हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और कैमरों की तकनीकी जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
