मध्य प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ गया है। रात और सुबह के समय तेज ठंड पड़ रही है। इंदौर प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। वहीं, जबलपुर, उज्जैन समेत 16 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे रहा। मौसम केंद्र (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवातीय गतिविधि) बनी हुई है। इसके असर से प्रदेश में बारिश हो सकती है। 17 नवंबर को यह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर ‘सीवियर साइक्लोनिक स्टॉर्म’ (प्रचंड चक्रवाती तूफान) में तब्दील हो सकता है। इसका असर प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में देखने को मिल सकता है। अगले 2-3 दिनों में स्थिति और स्पष्ट होगी। ऐसे में 18 नवंबर के बाद प्रदेश में मावठा गिरने की संभावना है। कश्मीर-उत्तराखंड में बर्फबारी से बढ़ी ठंड कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी हो रही है। वहीं, राजस्थान में चक्रवात के कारण हल्की बारिश भी रिकॉर्ड की गई है। इन मौसमी गतिविधियों का असर प्रदेश के मौसम पर भी पड़ रहा है। बीती रात कटनी का करौंदी प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इंदौर में 11.8 डिग्री, छिंदवाड़ा में 12.2 डिग्री, कल्याणपुर में 12.3 डिग्री, अमरकंटक में 12.4 डिग्री, रायसेन में 12.5 डिग्री और दमोह में 12.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसी तरह पचमढ़ी और मलाजखंड में 13.2 डिग्री, नौगांव में 13.4 डिग्री, उमरिया में 13.8 डिग्री, जबलपुर, मंडला और नरसिंहपुर में 14 डिग्री, उज्जैन में 14.5 डिग्री और रीवा में 14.6 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड बढ़ने का ट्रेंड मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में नवंबर के पिछले 10 साल के ट्रेंड पर नजर डालें तो 9 साल दूसरे पखवाड़े में तेज ठंड पड़ी है। इस बार भी 15 नवंबर के बाद प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने का अनुमान है। महीने के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर और बढ़ेगा। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में, जहां उत्तरी हवाएं सीधी आती हैं, वहां पारा लुढ़केगा। ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर में रात का टेम्प्रेचर रिकॉर्ड 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। उज्जैन में 53 साल पहले न्यूनतम पारा रिकॉर्ड 2.3 डिग्री तक जा चुका है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर में इस महीने बारिश का ट्रेंड है। इस बार नवंबर के शुरुआत में ही बारिश का अलर्ट है। तीसरे और चौथे सप्ताह में सिस्टम एक्टिव होने से भी बारिश हो सकती है। जानिए, नवंबर में 5 बड़े शहरों का मौसम… भोपाल: 10 साल में 3 बार बारिश हो चुकी नवंबर में राजधानी में रात का तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाता है। पिछले 10 साल से ऐसा ही ट्रेंड रहा है। इस बार भी दूसरे सप्ताह से पारा तेजी से लुढ़केगा। मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल में नवंबर में रात का तापमान 6.1 डिग्री तक पहुंच चुका है। यह 30 नवंबर 1941 को दर्ज किया गया था। इस महीने बारिश होने का ट्रेंड भी है। 10 साल में तीन बार बारिश हो चुकी है। साल 1936 में महीने में साढ़े 5 इंच से ज्यादा पानी गिर चुका है। इंदौर: 5.6 डिग्री तक जा चुका पारा इंदौर में ठंड का असर रहता है। खासकर दूसरे सप्ताह से पारा तेजी से गिरता है। इस वजह से रातें ठंडी हो जाती हैं और टेम्प्रेचर 10 से 12 डिग्री के बीच रहता है। हालांकि, 25 नवंबर 1938 को पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस तक जा चुका है। कभी-कभार बारिश भी हो जाती है। दिन में 31 से 33 डिग्री के बीच तापमान रहता है। ग्वालियर: 1927 में 3 इंच पानी गिरा था पिछले 10 साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो ग्वालियर में पारा 8 डिग्री तक पहुंच चुका है। 54 साल पहले वर्ष 1970 में टेम्प्रेचर 3 डिग्री तक पहुंच चुका है। यह ओवरऑल रिकॉर्ड है। 2 नवंबर 2001 को दिन का तापमान 37.3 डिग्री तक पहुंच चुका है, जबकि यह सामान्य तौर पर 33 से 35 डिग्री के बीच रहता है। इस महीने बारिश भी होती है। 1927 में पूरे महीने 3 इंच से ज्यादा पानी गिरा था। 10 साल में 3 बार ऐसा ही मौसम रह चुका है। जबलपुर: 1946 में 6 इंच से ज्यादा बारिश पिछले 10 साल में 2022 में न्यूनतम पारा 7.8 डिग्री तक जा चुका है। ओवरऑल रिकॉर्ड 12 नवंबर 1989 को दर्ज किया गया था, तब टेम्प्रेचर 3.9 डिग्री तक पहुंच गया था। 1946 में पूरे महीने 6 इंच से ज्यादा पानी गिरा था। 10 साल में दो बार बारिश हो चुकी है। दिन में 30 से 33 डिग्री के बीच तापमान रहता है। उज्जैन: न्यूनतम तापमान 10-11° के बीच रहता है यहां 30 नवंबर 1974 को रात का तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है। यह ओवरऑल रिकॉर्ड है। वहीं, 6 नवंबर 2008 को दिन का तापमान 36.5 डिग्री रहा था। पिछले 10 साल की बात करें तो न्यूनतम तापमान 10-11 डिग्री के बीच रहा है, जबकि दिन में यह 33 से 35 डिग्री के बीच पहुंच चुका है।
