रायसेन जिले के बाड़ी स्थित नागिन मोड़ पीपल वाले जंगल में सोमवार सुबह जीजा और साली के शव एक ही पेड़ की अलग-अलग डाल पर फंदे से लटके मिले। घटनास्थल से सल्फास की डिब्बी, महिला का पर्स, पानी की बोतल और बाइक भी बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध और पारिवारिक विरोध से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि पुलिस आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। सुबह जंगल से गुजर रहे लोगों ने पेड़ पर युवक और युवती के शव लटके देखे। पास में बाइक खड़ी थी। सूचना मिलते ही बाड़ी और सुल्तानपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मृतकों की पहचान सिलवानी थाना क्षेत्र के जैतहरी चौकी अंतर्गत बिकलपुर निवासी रूपेश कुशवाह (38) और उनकी साली पिंकी कुशवाह, निवासी पाठा पौड़ी, के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर रूपेश अपनी साली पिंकी को लेने गए थे। दोनों शाम को बाइक से निकले, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। इसके बाद रात करीब एक बजे पिंकी के पति ने सिलवानी थाने में दोनों के लापता होने की सूचना दर्ज कराई थी। देखिए तीन तस्वीरें… प्रेम संबंध और पारिवारिक विरोध की जांच प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जीजा और साली के बीच प्रेम संबंध थे, जिसका दोनों परिवार विरोध कर रहे थे। पुलिस फिलहाल इसी एंगल के साथ अन्य सभी संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि पिंकी की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। पुलिस को घटनास्थल से पिंकी का पर्स, पानी की बोतल, बाइक और सल्फास की डिब्बी मिली है। इन सभी सामानों को जब्त कर जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का मानना है कि ये साक्ष्य मामले की कड़ियां जोड़ने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। पहले सल्फास, फिर फंदा? पुलिस कई बिंदुओं पर जांच में जुटी घटनास्थल से सल्फास की डिब्बी मिलने के बाद पुलिस इस आशंका की भी जांच कर रही है कि दोनों ने पहले सल्फास का सेवन किया और उसके बाद एक ही पेड़ की अलग-अलग डाल पर गमछे के सहारे फंदा लगा लिया। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि रूपेश कुशवाह की शादी करीब छह साल पहले हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। वहीं पिंकी कुशवाह की शादी करीब एक साल पहले हुई थी तथा उसकी कोई संतान नहीं थी। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस के अनुसार, दोनों रविवार को बाइक से घर से निकले थे और सड़क से करीब 500 मीटर अंदर जंगल में पहुंचे। यहीं एक ही पेड़ की अलग-अलग डाल पर उनके शव फंदे से लटके मिले। घटनास्थल से बाइक, पिंकी का पर्स, पानी की बोतल और सल्फास की डिब्बी बरामद हुई है। पुलिस इन सभी साक्ष्यों के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। एसडीओपी बोलीं- पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट के बाद होगी पुष्टि बाड़ी एसडीओपी नीलम चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम संबंध और पारिवारिक विरोध से जुड़ा प्रतीत होता है। घटनास्थल से सल्फास की डिब्बी भी मिली है। आशंका है कि दोनों ने पहले सल्फास का सेवन किया और बाद में एक ही पेड़ की अलग-अलग डाल पर गमछे के सहारे फंदा लगा लिया। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
