Homeमध्यप्रदेशजंगल की जमीन पर कब्जे की खूनी लड़ाई:गुना में 4 साल में...

जंगल की जमीन पर कब्जे की खूनी लड़ाई:गुना में 4 साल में 8 मौतें; घर जलाए, गोफन से पत्थर मारे, थार से कुचला

कई इलाकों में जंगल की जमीन पर कब्जे के बाद खेती शुरू हुई। धीरे-धीरे जमीन के मालिकाना हक को लेकर परिवारों और समुदायों के बीच विवाद बढ़ने लगे। विवाद सुलझाने के लिए पंचायतें भी बैठीं, लेकिन कई जगह कोई हल नहीं निकला। समय के साथ जमीन की यह लड़ाई हिंसक होती गई और लोगों की जान जाने लगी। गुना जिले के बमोरी, सिरसी और फतेहगढ़ इलाके में पिछले चार साल में जंगल की जमीन से जुड़े विवादों में 8 लोगों की हत्या हो चुकी है। कहीं पत्थरों से हमला तो कहीं लाठी-डंडों और गाड़ी से कुचलकर जान ले ली गई। मई 2025 में राज्य सरकार ने हाईकोर्ट में हलफनामा देकर जिले में करीब 59 हजार हेक्टेयर वन भूमि पर अतिक्रमण की जानकारी दी थी। वन विभाग की कार्रवाई के बावजूद कब्जे की समस्या बनी हुई है। ऐसे में जंगल की जमीन को लेकर चल रही यह लड़ाई अब लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। जानते हैं गुना में जंगल की जमीन के लिए हुए खूनी संघर्ष के बड़े मामले… पहले ताजा मामला जान लीजिए…
25 अक्टूबर की रात सिरसी थाना क्षेत्र के सारेंठा गांव में जमीन की रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। एक पक्ष में भारत सिंह यादव और उनका बेटा विशाल यादव थे, जबकि दूसरे पक्ष में वीर बहादुर यादव, शांतनु यादव और विजय यादव शामिल थे। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई और बंदूक से फायरिंग भी की गई। इस दौरान विजय यादव की जांघ में गोली लगी और मौत हो गई। सारेंठा गांव के वीर बहादुर सिंह भाजपा के जिला मंत्री हैं और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक माने जाते हैं। इस मामले में उनके ही परिवार के लोग आमने-सामने आ गए। हत्या का आरोप वीर बहादुर के भतीजे विशाल यादव पर लगा है। हालांकि, घटना के बाद विशाल का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें उसने दावा किया कि उसके और उसके पिता के साथ मारपीट हुई थी। उसने यह भी कहा कि गोली उनके चाचा के घर में ही चली थी। पुलिस ने इस मामले में विशाल और उसके पिता भारत को जेल भेज दिया। जानकारी के मुताबिक, इस परिवार का करीब 500 बीघा जंगल की जमीन पर कब्जा है। इसके बंटवारे को लेकर परिवार के लोगों के बीच विवाद चल रहा था। तारीख- 5 अक्टूबर 2026
जगह- नयागांव, सिरसी जागृति बाई पटेलिया के खेत में पिस्सम यादव, उनकी पत्नी सुनीता और अन्य लोग मक्के की फसल काट रहे थे। तभी जमीन के पुराने विवाद में गजानंद धाकड़, उनके बेटों और अन्य लोगों ने हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई महिलाओं को भी पीटा गया। अस्पताल में पिस्सम को मृत घोषित कर दिया गया। तारीख- 26 सितंबर 2025
जगह- गणेशपुरा गांव, फतेहगढ़ फतेहगढ़ के गणेशपुरा गांव में जमीन के विवाद में किसान रामस्वरूप नागर और उनके परिवार पर हमला कर दिया गया। दोपहर करीब 2 बजे रामस्वरूप अपनी पत्नी विनोद बाई (38), राजेंद्र नागर (50) और बेटियों तनीषा (17) व कृष्णा (17) के साथ खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के महेंद्र, जितेंद्र, कन्हैयालाल, लोकेश, नवीन समेत 10 से 15 लोगों ने उन्हें घेर लिया। पुरानी जमीन की रंजिश को लेकर आरोपियों ने परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में रामस्वरूप जमीन पर गिर गए। इसके बाद आरोपियों ने उनके ऊपर थार गाड़ी चढ़ा दी, जिससे उनके हाथ-पैर टूट गए। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी और दोनों बेटियों के साथ भी मारपीट की गई। परिवार ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने किशोरियों के कपड़े तक फाड़ दिए। गंभीर हालत में रामस्वरूप को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रात करीब 8 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। यह विवाद राजस्थान की वन विभाग की छह बीघा जमीन को लेकर चल रहा था। तारीख- 19 जुलाई 2026
जगह- पांचोरा गांव, बमोरी मिश्रीलाल ओड़िया अपने बेटे नवाब के साथ मूंदोल गांव से वन विभाग की नर्सरी के लिए गड्ढे खोदकर लौट रहे थे। रास्ते में इकबाई पुलिया के पास वन भूमि की पुरानी रंजिश में कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। नवाब गंभीर घायल हुआ। भोपाल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। तारीख- 9 सितंबर 2025
जगह- चाकरी और छिकारी गांव, बमोरी वन भूमि पर कब्जे को लेकर भील और भिलाला समुदायों के बीच पंचायत हुई, लेकिन सहमति नहीं बनी। शाम को 300 से 400 लोग आमने-सामने आ गए और गोफन से पत्थर फेंके गए। एक पत्थर गंगाराम भील (55) के सीने में लगा और उनकी मौत हो गई। तनाव के कारण शव करीब 16 घंटे बाद गांव से निकाला जा सका। तारीख- 3 जनवरी 2025
जगह- ग्वारखेड़ा गांव, बमोरी भोगीराम लोधा (50) वन विभाग की जमीन पर पहुंचे तो वहां गांव के हरकिशन, बालकिशन और विजय लोधी फसल बो चुके थे। इस पर कहासुनी हुई। आरोप है कि तीनों ने लाठियों से भोगीराम पर हमला कर दिया। गंभीर घायल भोगीराम को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। तारीख- 26 नवंबर 2023
जगह- पन्हेटी गांव, फतेहगढ़ 31 अक्टूबर को वन विभाग की जमीन पर कब्जे को लेकर भील और बंजारा समुदायों में मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों के युवक घायल हुए। 25 नवंबर को इलाज के दौरान गल सिंह भिलाला की मौत हो गई। अगले दिन भील समुदाय के लोगों ने बंजारा बस्ती पर हमला कर 8 से 10 घरों में आग लगा दी। मामले में एक दर्जन से ज्यादा गिरफ्तारियां हुईं। महीना- जुलाई 2022
जगह- धनोरिया गांव करीब 20 साल की कानूनी लड़ाई के बाद रामप्यारी सहरिया को तीन एकड़ जमीन का वन अधिकार पट्टा मिला था। आरोप है कि जमीन खाली कराने के विवाद में कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की और आग लगा दी। भोपाल में इलाज के दौरान छह दिन बाद उनकी मौत हो गई। मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार हुए थे। सरकार मान चुकी 59 हजार हेक्टेयर भूमि पर कब्जा जिले में जंगल की जमीन पर अतिक्रमण का मामला काफी बड़ा है। मई 2025 में राज्य सरकार ने हाईकोर्ट में हलफनामा पेश कर बताया था कि गुना में करीब 59 हजार हेक्टेयर वन भूमि पर कब्जा है। वन विभाग के मुताबिक, पिछले 10 साल में करीब 5 हजार हेक्टेयर वन भूमि से अतिक्रमण हटाया गया। हालांकि, कुछ जमीनों पर दोबारा कब्जा हो गया, जबकि कुछ जगह प्लांटेशन कराया गया है। जानकारी के अनुसार, इन विवादों के केस में अब तक कोर्ट में सुनवाई चल रही है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here