Homeछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ में 'अर्नब' का असर, तेज हवाएं चल रही:रायपुर-गरियाबंद-रायगढ़ में बरसे बादल,...

छत्तीसगढ़ में ‘अर्नब’ का असर, तेज हवाएं चल रही:रायपुर-गरियाबंद-रायगढ़ में बरसे बादल, कल स्कूलों में छुट्टी, 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अर्नब का असर छत्तीसगढ़ में दिखने लगा है। रायपुर और रायगढ़ में सुबह से बूंदाबांदी हो रही है। तेज हवाएं चल रही है। गरियाबंद में भी देर रात से लगातार बारिश के साथ ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने कोंडागांव, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में रेड अलर्ट जारी किया है। दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी है। अगले 24 घंटे में बालोद, बलौदाबाजार, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, कांकेर, महासमुंद, नारायणपुर, रायपुर और सुकमा में कई जगह भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 90 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। एहतियात के तौर पर जगदलपुर समेत बस्तर और सुकमा जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। रायपुर, गरियाबंद और दुर्ग में भी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। कोरिया, सूरजपुर और जीपीएम जिले में भी कल स्कूल बंद रहेंगे। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और बेवजह घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। देखिए तस्वीरें… रायपुर में बादल छाए, रात से ठंडी हवाएं चल रहीं मौसम विभाग के मुताबिक, 27 अक्टूबर से ही प्रदेश में चक्रवात का असर देखने को मिला रायपुर समेत कई जिलों में मंगलवार को बादल छाए रहे, जिसकी वजह से दिन का तापमान सामान्य से कम रहा। वहीं रात को भी ठंडी हवाएं चलती रही। बता दें कि, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ बुधवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम से टकराया। लैंडफॉल की प्रोसेस करीब तीन घंटे तक चली। लैंडफॉल के समय हवा की स्पीड गति 125-135kmph रही।

अर्नब को लेकर रायपुर प्रशासन अलर्ट चक्रवात अर्नब के असर को देखते हुए रायपुर जिला प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट कर राहत-बचाव की तैयारी शुरू कर दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को भारी बारिश, तेज हवाओं, बिजली गिरने और जलभराव से बचाव की समझाइश दी जा रही है। राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, नगरीय निकाय, पंचायत और बिजली विभाग के साथ SDRF, NDRF और फायर ब्रिगेड की टीम को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। नदी-नालों, निचले इलाकों, कमजोर भवनों, पेड़ों और बिजली लाइनों पर नजर रखने के साथ जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया है। नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर मौसम की चेतावनियों की नियमित समीक्षा की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक बाहर नहीं निकलने, अफवाहों से बचने और अधिकृत सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0771-2413233 जारी किया गया है। सुकमा में स्कूलों में छुट्टी, पुलिस-प्रशासन अलर्ट मंगलवार रात 8 बजे से जिला मुख्यालय समेत कई इलाकों में बारिश, बुधवार सुबह भी बादल छाए रहे। मौसम को देखते हुए जिले के सभी सरकारी और अर्धसरकारी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। कच्चे मकानों और अंदरूनी इलाकों के लोगों की सुरक्षा के लिए सरकारी भवनों में राहत शिविर बनाए गए हैं। कन्या शाला परिसर में वार्ड 12 के नया पारा सुंदर नगर के करीब 50 लोगों को ठहराया गया है। पुलिस भी अलर्ट है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में सतर्क रहने और बिना जरूरत बाहर नहीं निकलने की अपील की है। तूफान का आज ज्यादा असर मौसम विभाग ने आज (28 अक्टूबर) दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है। एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। पेंड्रा में घने काले बादल छाए हैं और तेज बारिश हो रही है, जबकि कोरबा में बुधवार सुबह से काली घटा छाई हुई है और रिमझिम बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। कल उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अलर्ट 29 अक्टूबर को प्रदेश के अधिकांश जगहों पर मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। गरज-चमक के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। रायपुर में बादल छाए रहेंगे, बौछारें पड़ सकती हैं रायपुर में आज सुबह से बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शहर में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। प्रदेश में सबसे गर्म अंबिकापुर, न्यूनतम तापमान भी यहीं सबसे कम मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान भी अंबिकापुर में 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा। रायपुर में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकांश स्थानों पर मौसम ड्राई रहा।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here