Homeमध्यप्रदेश"चित्रकूट के घाट पर, भई संतन की भीर":10 तस्वीरों में देखिए धर्म...

“चित्रकूट के घाट पर, भई संतन की भीर”:10 तस्वीरों में देखिए धर्म नगरी की दीपावली, अमावस्या मेले में 22 लाख श्रद्धालु पहुंचे, कामदगिरि मंदिर में दीपदान

चित्रकूट में दीपावली अमावस्या मेले में रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दोपहर 2 बजे तक 15 लाख से ज्यादा लोगों ने मंदाकिनी नदी में स्नान किया, जबकि 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने कामदगिरि की परिक्रमा की। प्रशासन को इस बार मेले में करीब 50 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है। देर रात तक चित्रकूट में 22 लाख लोग दर्शन के लिए पहुंचे। वहीं, रात 8 बजे रामघाट पर 500 ड्रोन के जरिए आसमान में रामायण के प्रसंग दिखाए गए। इस नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। सुबह से ही मंदाकिनी नदी के रामघाट पर स्नान और दीपदान के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। स्नान के बाद लोग भगवान कामतानाथ के दर्शन कर पांच कोसी कामदगिरि की परिक्रमा कर रहे हैं। मेले में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, झारखंड और दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचे हैं। देखें तस्वीरें… 500 ड्रोन से आसमान में दिखाई रामायण दीपावली अमावस्या मेले में रविवार रात रामघाट पर पहली बार 500 ड्रोन का शो आयोजित किया गया। रात करीब 8 बजे शुरू हुए इस शो में ड्रोन की रोशनी से आसमान में भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंग दिखाए गए। सबसे पहले धनुष-बाण के साथ भगवान श्रीराम की आकृति बनाई गई। इसके बाद सीता-राम की छवि, वनवास, केवट प्रसंग, चित्रकूट प्रवास, सीता हरण, हनुमान जी का लंका दहन और लंका विजय के दृश्य दिखाए गए। करीब 30 मिनट तक चले इस शो को देखने के लिए रामघाट और आसपास की छतों पर भीड़ जुटी रही। लोग मोबाइल से इन दृश्यों को रिकॉर्ड करते नजर आए। शो के अंत में आसमान में ‘जय श्रीराम’ लिखा दिखाई दिया। इसके साथ ही पूरा रामघाट जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। प्रमुख घाटों और धार्मिक स्थलों पर दीपदान चित्रकूट के रामघाट, कामतानाथ, सती अनुसुइया, गुप्त गोदावरी, रामसैया और देवांगना में श्रद्धालुओं ने दीपदान किया। पांच दिवसीय यह मेला धनतेरस से शुरू हुआ है और 11 नवंबर तक चलेगा। दीपावली अमावस्या पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। भीड़ को संभालने के लिए पुलिस तैनात श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। रामघाट, कामदगिरि परिक्रमा मार्ग और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बैरिकेडिंग की गई है। भीड़ को संभालने के लिए जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। भगवान राम ने चित्रकूट में बिताए थे 11 साल, 11 महीने और 11 दिन धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीराम ने वनवास के दौरान माता सीता और भाई लक्ष्मण के साथ चित्रकूट में 11 साल, 11 महीने और 11 दिन बिताए थे। इसी मान्यता के कारण चित्रकूट का विशेष धार्मिक महत्व है। हर साल दीपावली अमावस्या पर लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। वे मंदाकिनी में स्नान, दीपदान और भगवान कामतानाथ के दर्शन के साथ कामदगिरि की परिक्रमा करते हैं।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here