उज्जैन के बगड़िया टावर में लगी आग ने शहर की कमर्शियल बिल्डिंग की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। चार मंजिला इमारत में इमरजेंसी एग्जिट और आग बुझाने के पर्याप्त उपकरण नहीं थे। संकरे रास्तों के कारण धुएं में फंसे लोगों को बाहर निकलने में परेशानी हुई। इस मामले में एक और गंभीर बात सामने आई है। टावर मालिक अरुण बागड़िया ने 11 अगस्त को एमपी मेडिकल स्टोर में रखी एक्सपायरी दवाइयां हटवाने के लिए थाने में शिकायत की थी। उनका आरोप है कि शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करने की सलाह दी गई। इसके बावजूद दवाइयां वहीं पड़ी रहीं। आग भी इसी जगह से शुरू होने की बात सामने आई है। हालांकि, इसका आधिकारिक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। देखिए आग और रेस्क्यू की तस्वीरें… आसपास के युवाओं ने दिखाई मानवता की मिसाल बगड़िया टावर में आग के बाद चारों ओर धुआं फैल गया और लोग अंदर फंस गए। ऐसे में आसपास के युवाओं ने अपनी जान की परवाह किए बिना उन्हें बचाने की कोशिश की। मिल्कीपुरा क्षेत्र के पेंटर अब्दुल जुबेर, शाहिद और अल्फेज समेत एक दर्जन से अधिक लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे। कुछ लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, जबकि अन्य ने धुएं से भरी बिल्डिंग में फंसे लोगों को बाहर निकाला। जुबेर ने पुताई वाले झूले से बचाई जानें आग की सूचना मिलते ही पेंटर अब्दुल जुबेर पेंटिंग के काम में इस्तेमाल होने वाला झूला लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिल्डिंग के पीछे झूला लगाया और इसके सहारे छह महिलाओं और एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। पत्नी ने बिल्डिंग में आग लगने की जानकारी दी शाहिद ने बताया कि वे घर पर थे। पत्नी ने पास की बिल्डिंग में आग लगने की जानकारी दी तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां कई लोगों के फंसे होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने आग बुझाने के लिए पानी डालना शुरू किया और दूसरे लोगों के साथ बचाव कार्य में जुट गए। लोगों को बचाने पहुंचे तो अंदर बहुत ज्यादा धुआं था वहीं, अल्फेज ने बताया कि जब वे बिल्डिंग में फंसे लोगों को बचाने पहुंचे तो अंदर बहुत ज्यादा धुआं था। शुरुआत में घबराहट हुई, लेकिन उन्होंने अपनी शर्ट उतारकर उससे मुंह ढका और फिर लोगों को नीचे लाने में जुट गए। कलेक्टर ने जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया कलेक्टर रोशन सिंह ने कहा कि आग मेडिकल स्टोर में लगी थी। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि बिल्डिंग में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं, एक्सपायरी दवाइयों की शिकायत पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई और आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी। ये खबर भी पढ़ें… उज्जैन के बगड़िया टावर में आग, 50 लोगों को निकाला उज्जैन के पुरानी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बगड़िया टावर में बुधवार शाम करीब 4 बजे भीषण आग लग गई। आग बिल्डिंग के नीचे स्थित एमपी मेडिकल स्टोर में लगी थी। पढ़ें पूरी खबर…
