इंदौर में यातायात व्यवस्था संभालने के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने सड़क पर घायल पड़े व्यक्ति की समय रहते मदद कर मानवीयता की मिसाल पेश की। घटना गुरुवार दोपहर करीब 2:10 बजे की है। यातायात व्यवस्था के भ्रमण के दौरान पुलिसकर्मियों ने एक व्यक्ति को सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा देखा। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट थी और वह खून से लथपथ था। आरक्षक पूरन शाक्यवार और आरक्षक अजय तोमर ने तत्काल घायल को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर बैठाया। इसके बाद आरक्षक पूरन शाक्यवार ने पास की दुकान से सफेद खादी का कपड़ा लिया और घायल के सिर व चेहरे पर लगी चोटों पर बांध दिया। इससे घाव से लगातार निकल रहा खून रोकने में मदद मिली। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने घायल से उसके घर का पता और परिजन का मोबाइल नंबर पूछा। परिजन से संपर्क कर उसके बेटे को मौके पर बुलाया गया। बेटे के पहुंचने के बाद घायल को उसके साथ इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिसकर्मियों की तत्परता और मानवीय पहल की आसपास मौजूद लोगों ने सराहना की।
