सिवनी जिला मुख्यालय से करीब 13 किलोमीटर दूर छिंदवाड़ा रोड स्थित ग्राम कातलबोडी में शनिवार रात बाघ की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सड़क किनारे राजेश सनोडिया के खेत में बने मकान के पास बाघ दिखाई दिया। मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में उसकी चहलकदमी कैद हुई है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बाघ की तलाश शुरू कर दी। पगमार्क मिले, GPS और कैमरों से तलाश सामान्य वन परिक्षेत्र अधिकारी देवेंद्र सोनी ने बताया कि संबंधित मकान के पास ही नाला है। घटनास्थल के आसपास बाघ के पगमार्क भी मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज में बाघ की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। वन विभाग की टीम GPS, कैमरों और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस कर रही है। आसपास के जंगलों, नालों और खेतों में भी सर्चिंग की जा रही है। कई इलाकों में मिल चुके हैं बाघ के पगमार्क वन परिक्षेत्र अधिकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले सिवनी शहर में सब्जी मंडी के सामने जोसफ विला के पास भी बाघ के पगमार्क मिले थे। इसके अलावा लखनवाड़ा, लामाज्योति और फुलारा क्षेत्र में भी बाघ की गतिविधियां सामने आ चुकी हैं। अब कातलबोडी में सीसीटीवी फुटेज और पगमार्क मिलने से वन विभाग की चिंता बढ़ गई है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि अलग-अलग स्थानों पर दिखाई देने वाला बाघ एक ही हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि के लिए उसकी गतिविधियों और लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा रही है। रात में अकेले बाहर नहीं निकलने की सलाह आबादी क्षेत्र के आसपास बाघ की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को रात में अकेले घर से बाहर नहीं निकलने, खेतों और सुनसान रास्तों पर जाने से बचने तथा बच्चों को अकेला नहीं छोड़ने की सलाह दी गई है। मवेशियों को भी सुरक्षित स्थानों पर रखने को कहा गया है। बाघ दिखे तो नजदीक जाने की कोशिश न करें वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बाघ दिखाई देने पर उसके पास जाने, फोटो या वीडियो बनाने के लिए पीछा करने अथवा शोर मचाकर भगाने का प्रयास न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी के आसपास लगातार बाघ की गतिविधियां सामने आने से भय बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से निगरानी और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।
