Homeमध्यप्रदेशग्वालियर में 4 साल की बच्ची पर कुत्ते का हमला:गाल नोचा, 8...

ग्वालियर में 4 साल की बच्ची पर कुत्ते का हमला:गाल नोचा, 8 टांके आए; प्लास्टिक सर्जरी के लिए जेएएच रेफर, छुड़ाने आई मां को भी काटा

ग्वालियर के बड़ा गांव इलाके में गुरुवार को आवारा कुत्ते ने घर के बाहर चबूतरे पर बैठी चार साल की बच्ची पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची के गाल की त्वचा फाड़ दी। चीख सुनकर मां उसे बचाने पहुंची तो कुत्ते ने उस पर भी हमला कर गर्दन और पैरों पर काट लिया। कुत्ते ने बच्ची के पैरों पर भी काटा। शोर सुनकर आसपास के लोग और बच्ची के पिता मौके पर पहुंचे, तब किसी तरह कुत्ते को भगाया जा सका। हमले में बच्ची की आंख सुरक्षित है, लेकिन उसका गाल बुरी तरह जख्मी हो गया। पानी लेने घर के अंदर गई थी मां घटना के समय बच्ची की मां त्रिवेणी पानी लेने घर के अंदर गई थीं। उन्होंने बेटी को बाहर चबूतरे पर बैठाया था। इसी दौरान कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। मां बाहर आईं तो देखा कि कुत्ता बच्ची का गाल नोच रहा है और त्वचा लटक गई है। वे लकड़ी लेकर उसे भगाने पहुंचीं, लेकिन कुत्ता उन पर भी टूट पड़ा। त्रिवेणी के मुताबिक कुत्ते ने उनकी गर्दन पर दांत गड़ा दिए और हाथ-पैर पर भी काटा। उन्होंने किसी तरह खुद को छुड़ाया, लेकिन कुत्ते ने बच्ची के पैरों पर भी हमला किया। प्लास्टिक सर्जरी के लिए जेएएच भेजा परिजन घायल बच्ची को मुरार स्थित जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के दौरान उसके गाल पर आठ टांके लगाए गए। इसके बाद बेहतर इलाज और प्लास्टिक सर्जरी के लिए उसे जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) रेफर किया गया। शुक्रवार को भी बच्ची अस्पताल में भर्ती है और घटना के बाद से दहशत में है। मां के मुताबिक, बच्ची की नाक पर भी कुत्ते के दांतों के निशान आए हैं। एक दिन में तीन अस्पतालों में पहुंचे 286 डॉग बाइट के मरीज शहर में कुत्तों के काटने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। गुरुवार को जिला अस्पताल, जेएएच और हजीरा सिविल अस्पताल में 286 लोग डॉग बाइट के बाद उपचार के लिए पहुंचे। इनमें जिला अस्पताल में 95, जेएएच में 81 और हजीरा सिविल अस्पताल में 110 मरीज आए। सभी को एंटी रेबीज वैक्सीन के पहले, दूसरे या तीसरे डोज लगाए गए। इसी दिन सीपी कॉलोनी निवासी 44 वर्षीय भानू को उनके पालतू कुत्ते ने पैर में गंभीर रूप से काट लिया। उन्हें जिला अस्पताल में एंटी रेबीज टीका लगाने के साथ टांके लगाए गए। पैर की सर्जरी के बाद रक्तस्राव रोका गया। जिला अस्पताल में पहुंचे मरीजों में चार साल की बच्ची सहित पांच की हालत अधिक गंभीर बताई गई।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here