ग्वालियर में माता मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा बेहट थाना क्षेत्र के रतनगढ़ माता मंदिर रोड पर आसमानी माता मंदिर के पास सोमवार शाम हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान रात करीब 11 बजे भिंड निवासी वृद्ध महिला दाखो बाई की मौत हो गई। मंगलवार सुबह जिला अस्पताल मुरार में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जानकारी के मुताबिक भिंड जिले के भारोली शाहपुरा गांव से 15-20 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर रतनगढ़ माता मंदिर पहुंचे थे। दाखो बाई की मन्नत पूरी होने पर उन्होंने कन्या भोज कराया था। भोज के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे, तभी ढलान पर ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा, पुलिस जांच जारी हादसे के तुरंत बाद आसपास से गुजर रहे लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। बेहट थाना प्रभारी महावीर सिंह के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला की मौत हो चुकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मुरार जिला अस्पताल भेजा गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
